दुर्ग, 9 मई — प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को ‘सुशासन तिहार’ के तहत दुर्ग नगर निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निगम के विभिन्न कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को पारदर्शिता व तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने जनहित योजनाओं की प्रगति, चल रहे कार्यों की स्थिति और ‘सुशासन तिहार’ के अंतर्गत प्राप्त जनशिकायतों के निराकरण की विस्तृत जानकारी ली। कई विभागों में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई।
खासतौर पर कार्यालय के अटेंडेंस रजिस्टर में गड़बड़ी पाए जाने पर डिप्टी सीएम नाराज हो गए। उन्होंने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली की भी जांच की और सीएमओ को लापरवाही के लिए सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि काम तय समय पर और जिम्मेदारी से पूरा किया जाए।डिप्टी सीएम साव ने स्पष्ट किया कि “सुशासन तिहार कोई औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह जनता को जिम्मेदार और जवाबदेह प्रशासन देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।” उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से समझें और जनसेवा में कोताही न बरतें।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता है और आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।