मुंबई हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा भारत पहुंच चुका है। भारत आगमन के तुरंत बाद, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसे पालम एयरपोर्ट के गेट नंबर 4 से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे सीधे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान NIA ने तहव्वुर राणा की 20 दिन की रिमांड की मांग की और उसके खिलाफ सारे सबूत पेश किए।
दोनों पक्षों की दलीलों के बाद कोर्ट ने राणा को 18 दिनों के लिए NIA रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। तहव्वुर राणा को अब NIA मुख्यालय ले जाया गया है, जहां विशेष जांच टीम उससे गहन पूछताछ करेगी।
बताया जा रहा है कि राणा को NIA मुख्यालय के लॉकअप में रखा गया है। वहां से उससे जुड़े कई अहम सुराग जुटाने की कोशिश की जाएगी। NIA का मानना है कि तहव्वुर राणा से पूछताछ के जरिए मुंबई हमलों से जुड़े कई अनसुलझे सवालों के जवाब मिल सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं।
NIA ने कोर्ट में क्या कहा?
एनआईए ने पुलिस हिरासत की मांग करते हुए पुख्ता सबूतों का हवाला दिया है, जिनमें ईमेल्स शामिल हैं. NIA ने अदालत से कहा है कि साजिश का पर्दाफाश करने के लिए आरोपी की कस्टोडियल पूछताछ जरूरी है. NIA ने यह भी कहा है कि राणा ने अन्य षड्यंत्रकारियों के साथ मिलकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की आपराधिक साजिश रची. कोर्ट ने राणा से यह भी पूछा कि क्या वह खुद वकील रखना चाहते हैं या अदालत उन्हें कानूनी सहायता प्रदान करें.