छत्तीसगढ़ में फिर गरजेगी ‘संविधान बचाओ’ रैली: 13 मई से दोबारा शुरू हुआ कांग्रेस का जनजागरण अभियान, सचिन पायलट होंगे शामिल…

रायपुर । छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी का ‘संविधान बचाओ अभियान’ एक बार फिर पूरे जोश के साथ मैदान में लौट आया है। 13 मई 2025 से इस अभियान को दोबारा शुरू कर दिया गया है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (CPCC) ने मंगलवार को सभी जिला, शहर, नगर और ब्लॉक कांग्रेस इकाइयों को संशोधित कार्यक्रम की जानकारी भेज दी है।

अब रैली भी, घर-घर संपर्क भी
इस बार सिर्फ रैलियों तक सीमित न रहकर कांग्रेस ने घर-घर संपर्क अभियान भी जोड़ दिया है। जिला और विधानसभा स्तर पर यह कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। पहली बड़ी रैली 19 मई को जांजगीर-चांपा में होगी, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट की मौजूदगी रहेगी।

पहले दो बार स्थगित हो चुका है कार्यक्रम
यह वही अभियान है जिसकी शुरुआत पहले 25 अप्रैल को होनी थी, लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के चलते इसे टाल दिया गया। फिर दूसरी बार इसे 8 मई को बिलासपुर से शुरू किया जाना था, पर भारत की एयर स्ट्राइक के बाद इसे दोबारा स्थगित कर दिया गया।

क्या है अभियान का मकसद?
कांग्रेस ने इस अभियान के जरिए संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती, महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक विषमताओं जैसे मुद्दों पर जनजागरण का लक्ष्य तय किया है। पार्टी का आरोप है कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और देश की लोकतांत्रिक नींव को कमजोर किया जा रहा है।

प्रदेशभर में होगा असर
अब कांग्रेस की योजना है कि हर जिले और हर विधानसभा क्षेत्र में यह अभियान चलाया जाए। पार्टी ने निर्देश जारी किए हैं कि स्थानीय इकाइयां कार्यक्रम की तिथियां तय कर रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को भेजें, ताकि वह इसे AICC तक भेज सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *