रईसजादे की रफ्तार बनी मौत का पहिया — बेमेतरा में तीन की जान गई, शहर में बवाल,गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर को घेरा

रईसजादे की रफ्तार बनी मौत का पहिया — बेमेतरा में तीन की जान गई, शहर में बवाल,गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर को घेरा

बेमेतरा। रविवार देर रात बेमेतरा शहर में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बताया जा रहा है कि एक रईसजादे की तेज रफ्तार डिफेंडर कार ने शहर के मुख्य मार्ग पर ताबड़तोड़ टक्करें मारते हुए पांच वाहनों को चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा देर रात हुआ जब डिफेंडर कार तेज रफ्तार में नियंत्रण खो बैठी और सड़क पर खड़ी तथा चलती गाड़ियों को एक के बाद एक टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।

हादसे की खबर फैलते ही इलाके में भारी तनाव की स्थिति बन गई। मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक के घर के बाहर सड़क पर धरना देते हुए न्याय की मांग की। कुछ देर में सैकड़ों लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई और आरोपी के घर को चारों ओर से घेर लिया।

स्थिति बिगड़ती देख सिटी कोतवाली पुलिस और अतिरिक्त बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को शांत किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। सूत्रों के अनुसार, हादसे में शामिल डिफेंडर कार एक स्थानीय व्यापारी के बेटे की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *