रायपुर | रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। इसके लिए आज 16 जनवरी सुबह 10 बजे से स्टूडेंट टिकट काउंटर खोल दिया गया है। छात्र इंडोर स्टेडियम पहुंचकर टिकट ले सकते हैं। स्टूडेंट टिकट की कीमत 800 रुपये रखी गई है और एक आईडी पर केवल एक छात्र को ही टिकट दिया जाएगा। अन्य कैटेगरी के दर्शकों के लिए गुरुवार शाम 7 बजे से टिकट विंडो खोली गई थी। हालांकि सुबह 8:30 बजे तक 2500, 3000 और 3500 रुपये वाली टिकटें सोल्ड नहीं हो सकीं, जबकि 2000 रुपये वाली टिकटें विंडो खुलने के महज छह मिनट में ही बिक गईं। इस बार छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (CSCS) ने स्पष्ट किया है कि टिकट केवल एक ही फेज में जारी किए गए हैं और इसके बाद कोई नई विंडो नहीं खोली जाएगी।
टिकट रेट और सीट कैटेगरी–
लोअर 10A की टिकट 3500 रुपये, लोअर 5 और लोअर 6 की टिकट 3000 रुपये तथा अपर स्टैंड की सीटों की कीमत 2500 रुपये तय की गई है। कुल मिलाकर टिकटों के दाम 800 रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक रखे गए हैं। ऑनलाइन टिकट Ticketgenie की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए खरीदे जा सकते हैं, जहां एक यूजर अधिकतम चार टिकट ही बुक कर सकेगा।
फर्स्ट इनिंग के बाद नहीं मिलेगी एंट्री–
संघ ने आधिकारिक रूप से स्पष्ट कर दिया है कि इस बार फर्स्ट इनिंग समाप्त होने के बाद किसी भी दर्शक को स्टेडियम में एंट्री नहीं दी जाएगी। मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि दर्शकों की एंट्री दोपहर 4 बजे से होगी। सीट आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा। बिना फिजिकल टिकट के प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं 18 जनवरी (रविवार) और मैच-डे 23 जनवरी को टिकट रिडीम नहीं कराए जा सकेंगे।
स्टेडियम के भीतर खाने-पीने के तय दाम–
पिछले मैच में महंगे दामों पर खाद्य सामग्री बिकने की शिकायतों के बाद इस बार स्टेडियम के अंदर खाने-पीने की चीजों के रेट तय कर दिए गए हैं। 100 ग्राम समोसा 50 रुपये, सिंगल पीस सैंडविच 60 रुपये, बर्गर 80 रुपये, पॉपकॉर्न कोन 60 रुपये, पॉपकॉर्न टब 100 रुपये और पिज्जा 250 रुपये में मिलेगा। आइसक्रीम और वेफर्स एमआरपी पर ही उपलब्ध होंगे। सभी फूड स्टॉल पर रेट लिस्ट और कर्मचारियों की टी-शर्ट पर कीमत लिखना अनिवार्य किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी–
CSCS ने दर्शकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए इस बार 350 से अधिक प्राइवेट बाउंसर्स, 45 क्रिकेट संघ अधिकारी और पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। सभी एंट्री गेट्स, खासकर 13 नंबर गेट पर लोहे की रेलिंग लगाई गई है। एंट्री गेट्स पर पुलिस, प्राइवेट गार्ड और संघ कर्मचारियों की तिहरी निगरानी रहेगी। बाउंड्री लाइन पर भी बाउंसर्स तैनात रहेंगे, ताकि कोई दर्शक मैदान में प्रवेश न कर सके।
टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का स्क्वॉड–
टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव संभालेंगे, जबकि न्यूजीलैंड की कप्तानी मिचेल सैंटनर करेंगे। दोनों टीमों के स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी से मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।