छत्तीसगढ़ में दो दिन आंधी-बारिश का अलर्ट: तेज हवाएं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के लिए अंधड़, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल से ओडिशा तक बने ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में 4 अप्रैल तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं और हवाएं चल रही हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इससे पहले बिलासपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। खराब मौसम के चलते दो स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली के तार टूटने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। फिलहाल प्रदेश में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रायपुर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, खुले स्थानों पर जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *