धमतरी में दर्दनाक हिट एंड रन-ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल की मौत, सैनिक गंभीर घायल

धमतरी में दर्दनाक हिट एंड रन-ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल की मौत, सैनिक गंभीर घायल

तेज रफ्तार पिकअप ने गश्ती बाइक को मारी टक्कर, 200 मीटर तक घसीटते रहे जवान

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में देर रात हुए दर्दनाक हिट एंड रन हादसे ने पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया। रात्रि गश्त पर निकले पुलिस जवानों की बाइक को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार जवान करीब 200 मीटर तक सड़क पर घसीटते चले गए। घटना शहर के सिहावा चौक के पास की बताई जा रही है। हादसे में प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक दोनों पुलिस जवान देर रात नियमित गश्त पर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय जवानों को काफी दूर तक घसीटता रहा, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है। साथी जवानों और अधिकारियों ने दिवंगत प्रधान आरक्षक विजय बैरागी को श्रद्धांजलि दी।
वहीं Chhattisgarh Police की कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *