
आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक और जनसेवा के समर्पित व्यक्तित्व रहे रूपनारायण सिन्हा के निधन से प्रदेश में शोक की लहर
रायपुर, 4 जून। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा के निधन पर 5 जून को रायपुर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ योग आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह श्रद्धांजलि सभा शुक्रवार 5 जून 2026 को सायं 6 बजे दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, जी.ई. रोड रायपुर में आयोजित होगी।
स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा का निधन प्रदेश के सामाजिक, संगठनात्मक और जनसेवा क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में समर्पित किया तथा विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। रूपनारायण सिन्हा ने संघ के प्रचारक के रूप में रायपुर और बिलासपुर सहित अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वे भारतीय किसान संघ, विश्व गो ग्राम यात्रा तथा विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न संगठनों से भी जुड़े रहे। राजनीतिक क्षेत्र में भी उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के संगठन विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2025 से वे छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष पद का दायित्व संभाल रहे थे।
योग आयोग के अनुसार श्रद्धांजलि सभा का आयोजन संघ परिवार एवं विभिन्न आनुषंगिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम में स्वर्गीय सिन्हा के राष्ट्र, समाज और संगठन के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा का 26 मई 2026 को निधन हो गया था। उनके परिवार द्वारा जारी शोक संदेश में सभी शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धासुमन अर्पित करने का आग्रह किया गया है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, संघ परिवार के सदस्यों तथा योग आयोग से जुड़े प्रशिक्षकों एवं नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति की संभावना है।