
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी द्वारा दुर्ग के बीआईटी सभागार में “विकसित भारत संकल्प एवं प्रबुद्धजन सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन तथा राष्ट्रगीत के साथ हुआ। इससे पूर्व अतिथियों ने रेस्ट हाउस परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, सांसद विजय बघेल, कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, जगन्नाथ पाणिग्रही, नंदन जैन, ललित चंद्राकर, जितेंद्र वर्मा, प्रीतपाल बेलचंदन, महापौर अल्का वाघमारे, जितेंद्र साहू, सरस्वती बंजारे, सांवला रामडहरे तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, जनधन खाते, शौचालय निर्माण और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आया है।
केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र और विश्वगुरु बनाने के लक्ष्य को साकार करने के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
सम्मेलन में आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया गया। भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।