छत्तीसगढ़ में वोटर लिस्ट विवाद गरमाया : भूपेश बघेल का डबल वोटर का दावा,अजय चंद्राकर ने पूरे राज्य में पुनर्निरीक्षण की मांग की

रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के “1 लाख से ज्यादा फर्जी वोट” और चुनावी धांधली के आरोप के बाद छत्तीसगढ़ में भी सियासी पारा चढ़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दावा किया है कि राज्य में भी एक ही व्यक्ति के नाम पर दो-दो जगह वोटर लिस्ट में नाम दर्ज हैं। भूपेश बघेल ने बताया कि धमतरी के कुरुद के एक युवक ने उन्हें मतदाता सूची की आधिकारिक कॉपी दिखाई, जिसमें करीब 250 मतदाता ऐसे पाए गए, जिनके नाम कुरुद विधानसभा और अभनपुर (रायपुर) दोनों जगह दर्ज हैं। उन्होंने कहा, “यह कोई नई बात नहीं है। पहले भी बिलासपुर में एक घर में 150 से ज्यादा और भिलाई के एक क्वार्टर में 86 मतदाता पाए गए थे।”

इस मामले पर कुरुद से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अगर कुरुद की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी है, तो केवल यहां ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की मतदाता सूची का बिहार की तरह पुनर्निरीक्षण होना चाहिए।” उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि वे भी इस मांग का समर्थन करें और चुनाव आयोग के समक्ष आपत्ति दर्ज कराएं।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के बयान पर भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा, “राहुल गांधी के सवाल चुनाव आयोग से थे, तोखन साहू के पेट में दर्द क्यों हो रहा है? भाजपा पूरे देश में फर्जी मतदाताओं के जरिए चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है।”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में आए चुनाव परिणाम चौंकाने वाले हैं और इससे यह आशंका मजबूत होती है कि भाजपा ने वोट चोरी का तरीका अपनाया। उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और हम इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *