जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर में आज विश्व साइकिल दिवस एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता दिवस का संयुक्त आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने “साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ” जैसे नारों के साथ साइकिल रैली निकाल कर न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी दी।
राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विद्यार्थियों ने किसान चौक एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेल्मेट पहनने और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने की आवश्यकता समझाई। छात्रों ने राहगीरों को सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा गाइडलाइंस की जानकारी भी दी, जिनके अनुसार महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए हेल्मेट पहनना अनिवार्य है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिखा अग्रवाल ने साइकिल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह न केवल एक पुरानी स्वर्णिम परंपरा है, बल्कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण और व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी साधन भी है।
राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी ने साइकिल और सार्वजनिक परिवहन को ग्लोबल वार्मिंग से लड़ने का सशक्त हथियार बताया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना न केवल दुर्घटनाओं को रोकने में सहायक है, बल्कि यह एक किफायती और स्वस्थ जीवनशैली की ओर भी मार्ग प्रशस्त करता है।
इस अवसर पर आयोजित साइकिल रैली में बीकॉम एवं एनएसएस के विद्यार्थियों दिव्या, मिनाक्षी, लीना, रूपाली, भूमिका और सत्यम ने सक्रिय सहभागिता निभाई। महाविद्यालय के समस्त अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सप्ताह में कम से कम एक बार साइकिल चलाने की शपथ भी ली।