‘सेवा ही संकल्प’ से हर लाभार्थी तक पहुंचेगी सरकारी योजनाएं : मुख्यमंत्री साय, नक्सल मुक्ति के बाद बस्तर में विकास की नई बयार

‘सेवा ही संकल्प’ से हर लाभार्थी तक पहुंचेगी सरकारी योजनाएं : मुख्यमंत्री साय, नक्सल मुक्ति के बाद बस्तर में विकास की नई बयार

रायपुर,30 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद का प्रभावी सफाया हुआ है। नक्सल मुक्ति के बाद बस्तर सहित पूरे वनांचल क्षेत्र में विकास की नई बयार बह रही है। अब वनवासियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर जीवन की सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।

मुख्यमंत्री साय शनिवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदेशस्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने का संकल्प लें। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ से पुराने और आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश में सेवा, सुशासन और विकास की दिशा में निरंतर कार्य हुआ है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा महाभियान

भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा महाभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत स्कूलों में ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘नमो सेवा गाथा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सहित कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संगठन के प्रति प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि सर्वोच्च संवैधानिक पद पर रहते हुए भी प्रधानमंत्री ने हमेशा ‘संगठन सर्वोपरि’ की भावना को महत्व दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और देश में बुनियादी ढांचे के विस्तार को भी रेखांकित किया।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने अभियान के तहत प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर कार्यक्रमों की संरचना तैयार कर प्रभारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम संयोजक यशवंत जैन ने कहा कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य नई पीढ़ी तक सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना पहुंचाना है। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही ने किया। कार्यशाला में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक एवं पार्टी पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *