आज भेण्ड्रा में होगा अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का अंतिम संस्कार, रायपुर से दुर्ग होते हुए पहुंचेगी अंतिम यात्रा; CM साय,डिप्टी सीएम अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,सांसद विजय बघेल सहित दिग्गज नेताओं ने जताया शोक

आज भेण्ड्रा में होगा अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का अंतिम संस्कार, रायपुर से दुर्ग होते हुए पहुंचेगी अंतिम यात्रा; CM साय,डिप्टी सीएम अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,सांसद विजय बघेल सहित दिग्गज नेताओं ने जताया शोक

रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन से प्रदेश के राजनीतिक, सामाजिक और भाजपा संगठन के गलियारों में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर से अहिवारा सहित दुर्ग जिले में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, दुर्ग सांसद विजय बघेल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित अनेक नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा सरल व्यक्तित्व, जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा के लिए पहचाने जाते थे। क्षेत्र की जनता के सुख-दुःख में सदैव साथ खड़े रहने वाले उनके जाने से गहरी पीड़ा हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

अंतिम यात्रा का कार्यक्रम: रायपुर से भेण्ड्रा तक दी जाएगी श्रद्धांजलि

दिवंगत विधायक की अंतिम यात्रा शनिवार, 31 अक्टूबर को विभिन्न पड़ावों से होकर उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा (तहसील गुंडरदेही, जिला बालोद) पहुंचेगी। उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए समय इस प्रकार निर्धारित किया गया है। हकीकत के धरातल पर… +2

अंतिम यात्रा की समय-सारणी

  • सुबह 8:30 बजे – स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पार्थिव शरीर रायपुर पहुंचेगा। सुबह 9:30 बजे तक श्रद्धांजलि।
  • सुबह 10:15 बजे – शासकीय निवास, भिलाई-3 सुबह 11 बजे तक अंतिम दर्शन।
  • सुबह 11:30 बजे – जवाहर नगर, दुर्ग दोपहर 12:30 बजे तक श्रद्धांजलि।
  • दोपहर 1 बजे – ग्राम भेण्ड्रा पैतृक गांव में पार्थिव शरीर पहुंचेगा। दोपहर 2 बजे तक अंतिम दर्शन।
  • दोपहर 2 बजे – अंतिम संस्कार पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार निर्धारित है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी जताया दुख

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधायक कोर्सेवाड़ा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। उनके निधन को छत्तीसगढ़ की राजनीति के लिए दुखद क्षति बताया।

अरुण साव और विजय बघेल ने दी श्रद्धांजलि

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने शोक संदेश में कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों एवं समर्थकों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भी उनके निधन को भारतीय जनता पार्टी और छत्तीसगढ़ के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

किरण सिंह देव ने बताया भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने अपने शोक संदेश में कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का संपूर्ण जीवन जनसेवा, संगठन के प्रति समर्पण और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा। उनका निधन भाजपा परिवार एवं छत्तीसगढ़ की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।

शिक्षक से जनप्रतिनिधि तक का सफर

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने राजनीति में आने से पहले लंबे समय तक शिक्षक के रूप में सेवाएं दीं। जनसेवा और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए उन्होंने अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। उनके निधन से क्षेत्र ने अपना जनप्रतिनिधि खो दिया है। उनकी अंतिम यात्रा में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है।

#DomanlalKorsewada, #AhiwaraMLA, #ChhattisgarhNews, #BJPChhattisgarh, #VishnuDeoSai, #BhupeshBaghel, #VijayBaghel, #ArunSao, #KiranSinghDeo, #DurgNews, #BalodNews, #LastJourney

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *