AI से बनाई लड़कियों की तस्वीरें दिखाकर शादी का झांसा, QR कोड से ठगी; दुर्ग में फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़

AI से बनाई लड़कियों की तस्वीरें दिखाकर शादी का झांसा, QR कोड से ठगी; दुर्ग में फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़

दुर्ग। शादी के लिए जीवनसाथी तलाश रहे लोगों को सोशल मीडिया के जरिए ठगी का शिकार बनाने वाले फर्जी मैरिज ब्यूरो का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम पर AI से तैयार काल्पनिक युवतियों की तस्वीरें दिखाकर लोगों को शादी का भरोसा दिलाते थे। इसके बाद पसंद की लड़की से विवाह कराने के नाम पर QR कोड भेजकर पैसे वसूलते थे। रकम मिलते ही ग्राहकों के मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर संपर्क बंद कर दिया जाता था। सुपेला पुलिस ने इस मामले में फर्जी मैरिज ब्यूरो के संचालक परमानंद यादव (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, कंप्यूटर, बैंक दस्तावेज और 1.64 लाख रुपए नकद सहित कुल 2 लाख 83 हजार 600 रुपए की संपत्ति जब्त की है।

तीन फर्जी नामों से चला रहे थे मैरिज ब्यूरो

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर कल्याण मैट्रिमोनी, एलिट मैच मैट्रिमोनी और फ्यूचर पार्टनर के नाम से मैरिज ब्यूरो का प्रचार कर रहा था। इसके लिए AI की मदद से काल्पनिक युवतियों की तस्वीरें तैयार कर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट की जाती थीं। साथ ही फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया जाता था। दूसरे राज्यों में शादी के इच्छुक लोग इन विज्ञापनों को देखकर संपर्क करते थे। फोन पर बातचीत के बाद उनसे बायोडाटा मंगवाया जाता और पसंद की लड़की से शादी कराने का भरोसा दिलाकर ठगी की जाती थी।

QR कोड भेजकर पहले 2 हजार वसूले, फिर नंबर किया ब्लैकलिस्ट

आरोपी ग्राहकों को मैरिज काउंसलर के नाम से बनाए गए बैंक खातों के QR कोड भेजता था। शुरुआत में 2 हजार रुपए जमा कराए जाते थे। इसके बाद अलग-अलग बहाने से अन्य रकम भी वसूली जाती थी। पैसे खाते में पहुंचते ही संबंधित व्यक्ति का मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया जाता था। पुलिस जांच में विभिन्न बैंक खातों के खिलाफ भारत सरकार के समन्वय पोर्टल पर साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा

29 अक्टूबर को सुपेला पुलिस को सूचना मिली कि उत्तर गंगोत्री भवन में यूनियन बैंक के पास स्थित एक परिसर के हॉल में एलिट मैच मैट्रिमोनी के नाम से फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालित किया जा रहा है। यहां फर्जी सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों के जरिए लोगों से साइबर ठगी की जा रही थी। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। वहां संचालक परमानंद यादव के अलावा चार युवतियां काम करती मिलीं। तलाशी के दौरान कंप्यूटर, इंटरनेट वाई-फाई, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक खातों की चेकबुक, QR कोड, प्रचार संबंधी फ्लेक्स और ग्राहकों के मोबाइल नंबर व भुगतान की जानकारी वाले रजिस्टर बरामद किए गए।

नौकरी का झांसा देकर युवतियों से करवा रहे थे कॉलिंग

पुलिस के अनुसार, मौके पर काम कर रही युवतियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें अच्छी कंपनी में नौकरी देने का झांसा देकर बुलाया गया था। उन्हें 7 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन देने का आश्वासन दिया गया था। दो दिन का प्रशिक्षण देने के बाद उन्हें मैरिज काउंसलर के रूप में ग्राहकों से बातचीत करने और QR कोड के जरिए भुगतान लेने का काम सौंपा गया था। युवतियों के मुताबिक, उन्हें नौकरी के वास्तविक स्वरूप की जानकारी नहीं थी।

तीन महीने से चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर

पूछताछ में पता चला कि आरोपी करीब तीन महीने से इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। यहां प्रतिदिन लगभग 20 से 50 कॉल किए और प्राप्त किए जाते थे। अलग-अलग मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के जरिए ग्राहकों से संपर्क और भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाती थी।

26 मोबाइल, सिम कार्ड और 1.64 लाख रुपए नकद जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान विभिन्न बैंकों की चेकबुक, एक पासबुक और 1 लाख 64 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। इसके अलावा एयरटेल और वीआई के 16 सिम कार्ड, 22 कीपैड मोबाइल और चार एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए हैं। इनमें मोटोरोला, वनप्लस और आईफोन शामिल हैं। कंप्यूटर सेट और एयरटेल कंपनी का इंटरनेट वाई-फाई भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 83 हजार 600 रुपए बताई गई है।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमानंद यादव (24), निवासी ग्राम ओटेबंद, थाना नंदनी, अहिवारा, जिला दुर्ग और वर्तमान पता नेहरू नगर ईस्ट के रूप में हुई है। उसके खिलाफ सुपेला थाने में अपराध क्रमांक 1630/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) और 319(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब जब्त दस्तावेजों, बैंक खातों और इस नेटवर्क के जरिए हुई संभावित ठगी की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *