
रायपुर। शक्कर की बढ़ती कीमतों और महंगाई के मुद्दे को लेकर कांग्रेस शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में प्रदेशव्यापी ‘चीनी सत्याग्रह’ कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश के सभी जिलों में प्रदर्शन कर बढ़ी कीमतों के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे। पार्टी का आरोप है कि सरकार की गलत नीतियों और जनविरोधी फैसलों का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि महंगाई से आम आदमी पहले ही परेशान है और अब शक्कर के दाम बढ़ने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। इसी के विरोध में कांग्रेस सड़क पर उतरकर जनता की आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को बढ़ती महंगाई और शक्कर की कीमतों को लेकर जनता के सवालों का जवाब देना होगा।
अन्याय के खिलाफ सत्याग्रह कांग्रेस की परंपरा
विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास अन्याय और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सत्याग्रह और संघर्ष का रहा है। ‘चीनी सत्याग्रह’ भी इसी परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के फैसलों का असर सीधे आम लोगों पर पड़ रहा है और जनता महंगाई की मार झेल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस सरकार तक जनता की समस्याएं पहुंचाएगी। पार्टी कार्यकर्ता जिला स्तर पर प्रदर्शन कर शक्कर की बढ़ी कीमतों को लेकर विरोध दर्ज कराएंगे।
सरकार से जवाब मांग रही कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महंगाई से जुड़े मुद्दों पर सरकार को अपनी नीतियों और फैसलों को लेकर जनता के सामने जवाब देना चाहिए। विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस जनता के हक और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि ‘चीनी सत्याग्रह’ केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि आम जनता की आवाज को बुलंद करने का माध्यम है। कांग्रेस हर स्तर पर जनता के साथ खड़ी रहेगी और महंगाई समेत जनहित के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।