कांग्रेस में सीएम फेस पर सुखदेव भगत बोले- ‘अभी बच्चे का जन्म हुआ, शादी की बात कैसे करें’

दीपक बैज ने कुछ दिन पहले भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत और ताम्रध्वज साहू के नाम गिनाए थे; नए प्रदेश प्रभारी का पहला छत्तीसगढ़ दौरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत रविवार को अपने पहले छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह अभी का मुद्दा नहीं है। भगत ने कहा, “अभी बच्चे का जन्म ही हुआ है और आप उसकी शादी की बात कर रहे हैं।” सुखदेव भगत के इस बयान से फिलहाल यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर कोई नाम तय नहीं किया गया है। हालांकि, कुछ दिन पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री बनने की क्षमता रखने वाले नेताओं के तौर पर भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत और ताम्रध्वज साहू के नाम का उल्लेख किया था। दीपक बैज ने यह भी कहा था कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा।

स्मृति ईरानी को प्रभारी बनाए जाने पर दी बधाई

भाजपा की ओर से स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाए जाने के सवाल पर भी सुखदेव भगत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह उन्हें बधाई देते हैं और उम्मीद करते हैं कि छत्तीसगढ़ की जनता को उनसे राहत मिलेगी। भगत ने इस दौरान कांग्रेस की ओर से किए गए वादों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि 13 रुपये में शक्कर और सिलेंडर देने की बात कही गई है।

पहले दौरे में नेताओं के साथ बैठकें

प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद सुखदेव भगत का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। रायपुर पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान भगत ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, राजनीतिक मामलों की समिति और विधायक दल के साथ बैठक की। संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की जा रही है।

28 सितंबर को भी बैठकों का दौर

सुखदेव भगत के दौरे के दूसरे दिन 28 सितंबर को भी कई महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं। सुबह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसके बाद कनेक्ट सेंटर की टीम के साथ चर्चा होगी। दोपहर में एआईसीसी के निर्देश पर जिला कलेक्ट्रेट तक निकाले जाने वाले विरोध मार्च में भी प्रदेश प्रभारी शामिल होंगे। शाम 4 बजे फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद शाम 5 बजे अनुशासन समिति के साथ बैठक होगी। कार्यक्रम पूरा होने के बाद सुखदेव भगत सोमवार रात दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *