25 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर गिरफ्तार, पुलिस ने मांगी थी रिमांड

कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देने का आरोप; कोर्ट ने जमानत पर छोड़ा, अन्य युवकों से भी पूछताछ

रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया है। शोएब ढेबर शराब कारोबारी अनवर ढेबर का बेटा है। पुलिस ने चार दिन की तकनीकी जांच के बाद शनिवार देर रात उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने रविवार शाम शोएब ढेबर को कोर्ट में पेश किया और मामले में पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की। हालांकि, कोर्ट ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने भाजपा नेता के भांजे टीनू भारद्वाज समेत कुछ अन्य युवकों से भी पूछताछ की है। पुलिस धमकी और रंगदारी मांगने के पीछे की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।

एजाज ढेबर को मिले धमकी भरे मैसेज से जुड़ा कनेक्शन

जांच के दौरान पुलिस को एक पुराने मामले से भी कनेक्शन सामने आया है। शोएब के चाचा और पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम पर 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की धमकी मिली थी।

एजाज ढेबर को फोन करने के साथ मैसेज भी भेजा गया था। इस मामले में उन्होंने कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, उस मामले में भी विदेशी वर्चुअल नंबर का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस की जांच में कथित तौर पर सामने आया है कि एजाज ढेबर को भेजे गए धमकी भरे मैसेज को कॉपी किया गया और उसमें केवल नाम बदलकर आनंद कुकरेजा को भेजा गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरे संदेश तैयार करने और भेजने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।

तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई

पुलिस ने मामले में तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया। जांच में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, मैसेज और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस धमकी देने वाले नेटवर्क तथा रंगदारी की मांग के वास्तविक उद्देश्य का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *