
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी में रविवार को सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने गुटखा निर्माण से जुड़े एक ठिकाने पर छापेमारी की। स्टेशन चौक इलाके में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली 2 मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया है। बताया जा रहा है कि यहां सितार कंपनी के नाम से गुटखा तैयार किया जा रहा था। जीएसटी अधिकारियों की टीम निर्माण और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। हालांकि कार्रवाई को लेकर विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
3 गाड़ियों में पहुंची 10-12 सदस्यीय टीम
जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस को कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में गुटखा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद रविवार को करीब 10 से 12 अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम 3 वाहनों में मौके पर पहुंची। टीम ने गोदाम के अंदर रखे सामान, मशीनों और दस्तावेजों की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनों को जब्त किया गया। इसके अलावा करीब 30 बोरा तैयार गुटखा भी बरामद किया गया।
टैक्स से जुड़े दस्तावेजों की जांच
जीएसटी टीम यह भी जांच कर रही है कि गुटखा निर्माण और उसकी बिक्री से जुड़े कारोबार में टैक्स संबंधी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। गोदाम में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्री को भी जांच के दायरे में लिया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार जब्त सामग्री की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। हालांकि वास्तविक मूल्य और संभावित टैक्स देनदारी से संबंधित जानकारी विस्तृत जांच के बाद ही सामने आने की संभावना है।
गोदाम मालिक का नाम सुरेश गुप्ता बताया जा रहा
जानकारी के अनुसार जिस गोदाम में कार्रवाई की गई, उसके मालिक का नाम सुरेश गुप्ता बताया जा रहा है। टीम गोदाम में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री परिसर में गुटखा तैयार करने के लिए भट्टी भी बनाए जाने की जानकारी सामने आई है।
जब्त मशीन और गुटखा लेकर रायपुर रवाना हुई टीम
कार्रवाई पूरी करने के बाद सेंट्रल जीएसटी की टीम जब्त की गई मशीनों और गुटखे को अपने साथ लेकर रायपुर रवाना हो गई। अब जब्त सामग्री की जांच और दस्तावेजों के मिलान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में सेंट्रल जीएसटी विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।