छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान: अब तक 996.5 मिमी बारिश, औसत से 96.4% वर्षा; बलरामपुर सबसे आगे, कांकेर में सबसे कम

छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान: अब तक 996.5 मिमी बारिश, औसत से 96.4% वर्षा; बलरामपुर सबसे आगे, कांकेर में सबसे कम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून का असर व्यापक रहा है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के 19 सितंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 996.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह निर्धारित औसत वर्षा 1033.6 मिमी का 96.4 प्रतिशत है। जिलों में बारिश का वितरण हालांकि असमान रहा है। बलरामपुर में सामान्य से 69.7 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है, जबकि कांकेर में प्रदेश में सबसे कम 67 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है।

बलरामपुर में सामान्य से 69.7% ज्यादा बारिश

सरगुजा संभाग में बलरामपुर बारिश के मामले में सबसे आगे है। यहां अब तक 1488.5 मिमी यानी सामान्य वर्षा का 169.7% पानी बरस चुका है। सूरजपुर में 1138.1 मिमी (111.5%) और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1139.9 मिमी (122.6%) बारिश दर्ज की गई। वहीं सरगुजा जिले में 594.9 मिमी (77.3%), जशपुर में 805.1 मिमी (81.2%) और कोरिया में 892.8 मिमी (97%) वर्षा हुई है।

रायपुर संभाग में भी अच्छी बारिश

राजधानी रायपुर समेत रायपुर संभाग के कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। रायपुर जिले में अब तक 1091.2 मिमी यानी सामान्य का 126.9% पानी बरसा है। महासमुंद में 1128.5 मिमी (120.8%), गरियाबंद में 1191.9 मिमी (118%), बलौदाबाजार में 1007.1 मिमी (109.7%) और धमतरी में 1061 मिमी (105.1%) वर्षा दर्ज की गई है।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 138.5% बारिश

बिलासपुर संभाग में भी कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1127.8 मिमी यानी सामान्य का 138.5% बारिश दर्ज की गई है। मुंगेली में 1003.7 मिमी (112.5%), जांजगीर-चांपा में 1101.5 मिमी (103.4%), कोरबा में 1071 मिमी (97.5%), बिलासपुर में 967.8 मिमी (95.8%), सक्ती में 937.2 मिमी (95.6%), गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 912.5 मिमी (90.1%) और रायगढ़ में 956.3 मिमी (87.6%) बारिश हुई है।

दुर्ग संभाग में बालोद सबसे आगे

दुर्ग संभाग में बालोद जिले में 1057.1 मिमी यानी सामान्य का 106.3% बारिश दर्ज की गई है। दुर्ग में 749.6 मिमी (98.3%), राजनांदगांव में 839.9 मिमी (94.9%), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 699.5 मिमी (93%), कबीरधाम में 644 मिमी (83%), बेमेतरा में 569.7 मिमी (75.2%) और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 864.1 मिमी (71.8%) वर्षा दर्ज हुई।

बस्तर संभाग में मिला-जुला असर

दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में बारिश का असर अलग-अलग जिलों में अलग रहा। नारायणपुर में 1376.6 मिमी यानी सामान्य का 108.6% बारिश हुई है। दंतेवाड़ा में 1232.8 मिमी (91.4%), कोंडागांव में 936.9 मिमी (81.8%) और बस्तर में 1045.6 मिमी (80.7%) बारिश दर्ज की गई। बीजापुर में 1324.4 मिमी (70.3%) और सुकमा में 982.2 मिमी (69.3%) वर्षा हुई। कांकेर में 945.7 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य का 67% है और प्रदेश में सबसे कम है।

19 सितंबर को औसतन 4 मिमी बारिश

19 सितंबर के दैनिक आंकड़ों के अनुसार, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 17.3 मिमी, नारायणपुर में 16.5 मिमी और कांकेर में 16.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।वहीं जांजगीर-चांपा, कोंडागांव और दंतेवाड़ा में 19 सितंबर को बारिश शून्य रही। प्रदेश में इस दिन औसतन 4.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *