गणेश उत्सव में पुलिस सख्त: नॉर्थ जोन में 13 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, धरसींवा में एक हफ्ते में 57 जेल भेजे; ड्रोन से निगरानी

गणेश उत्सव में पुलिस सख्त: नॉर्थ जोन में 13 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, धरसींवा में एक हफ्ते में 57 जेल भेजे; ड्रोन से निगरानी

रायपुर। गणेश उत्सव और आगामी त्योहारों को देखते हुए रायपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। नॉर्थ जोन के पंडरी, उरला, गुढ़ियारी और खमतराई थाना क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। वहीं, गुढ़ियारी क्षेत्र में गणेश पंडालों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, नॉर्थ जोन के चार थाना क्षेत्रों में कुल 13 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके अलावा रायपुर ग्रामीण के धरसींवा थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के दौरान 57 लोगों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत जेल भेजा गया है।

ड्रोन से आसमान से निगरानी

गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में ड्रोन कैमरे के जरिए हवाई निगरानी की जा रही है। इसके माध्यम से गणेश पंडालों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख स्थानों और लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि ड्रोन से मिलने वाली जानकारी के आधार पर किसी भी संभावित स्थिति की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।

लगातार पेट्रोलिंग, संवेदनशील इलाकों पर नजर

गणेश उत्सव और आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। पुलिस उपायुक्त दीपमाला कश्यप के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के पर्यवेक्षण में प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जा रही है।

चार थानों में 13 लोगों पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार पंडरी, उरला, गुढ़ियारी और खमतराई थाना क्षेत्रों में कुल 13 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें पंडरी में BNSS की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत 4 लोग, जबकि उरला, गुढ़ियारी और खमतराई में 3-3 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

धरसींवा में एक सप्ताह में 57 पर कार्रवाई

रायपुर ग्रामीण के धरसींवा थाना क्षेत्र में भी असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान की टीम ने 20 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

यह कार्रवाई एएसपी चंचल तिवारी और सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में कुल 57 लोगों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत जेल भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर पारंपरिक पेट्रोलिंग के साथ आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। ड्रोन निगरानी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *