
रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में शराब तस्करी के कथित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने ग्राम गुल्लू स्थित शासकीय शराब दुकान से शराब के अवैध परिवहन के मामले में अर्टिगा कार से 160 पाव देशी मसाला शराब बरामद की है। कार्रवाई में शासकीय प्राथमिक शाला के सहायक शिक्षक सह संकुल समन्वयक सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, आरंग थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गुल्लू स्थित शराब दुकान से अवैध रूप से शराब परिवहन की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रानीसागर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध अर्टिगा कार क्रमांक CG 04 QB 5200 को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 160 पाव देशी मसाला शराब, लगभग 28.800 बल्क लीटर, बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त करीब 8 लाख रुपये मूल्य की अर्टिगा कार सहित कुल 8.16 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
पुलिस के मुताबिक मामले में गुल्लू शराब दुकान के सुपरवाइजर उबारन दास पुरैना, सेल्समैन राजेश काटले, मल्टी-वर्कर सुरेश बांधे, वाहन चालक भरत रात्रे, दिलीप कुमार कुर्रे, भागवत बारले तथा अमोदी प्राथमिक शाला में पदस्थ सहायक शिक्षक सह संकुल समन्वयक तीरित राम बांधे को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
48 घंटे से अधिक हिरासत के बाद शिक्षक पर विभागीय गाज
मामले में गिरफ्तार शिक्षक तीरित राम बांधे के 48 घंटे से अधिक समय तक न्यायिक हिरासत में रहने के बाद शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की। रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी जी. सतीश कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
आदेश में शिक्षक के कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के उल्लंघन तथा गंभीर नैतिक पतन से संबंधित बताया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(2)(क) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में शिक्षक का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO), तिल्दा, जिला रायपुर निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता का उल्लेख आदेश में किया गया है।
आरंग पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शराब दुकान से अवैध परिवहन और उसमें कथित तौर पर जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले में पुलिस की आगे की जांच से नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की संभावना है।