
जामगांव आर। गायत्री शक्तिपीठ आमालोरी में 1 नवंबर 2026 को दीपावली मिलन समारोह एवं सामूहिक साधना का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर शताब्दी वर्ष अनुष्ठान अभियान और गायत्री परिवार के दायित्वों को लेकर अति आवश्यक कार्यकर्ता गोष्ठी भी आयोजित होगी। कार्यक्रम में ट्रस्ट मंडल, संरक्षक मंडल, कार्यकारिणी समिति, प्रबंधन समितियों के सदस्यों, प्रज्ञामंडल एवं महिला मंडल के संचालकों और सदस्यों सहित परिवारजनों को आमंत्रित किया गया है। शक्तिपीठ के समन्वयक अशोक सिंह ने बताया कि 1 नवंबर को दोपहर 1 बजे से देव आह्वान, पूजन एवं सामूहिक साधना का आयोजन होगा। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे परम वंदनीया शैल जीजी के निर्देशानुसार ट्रस्ट मंडल के पुनर्गठन के विषय पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में संगठनात्मक विषयों पर सामूहिक विचार-विमर्श करते हुए भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा होगी । सहायक प्रबंध ट्रस्टि जगन्नाथ देवांगन ने बताया बैठक में नए ट्रस्टियों के चयन, ट्रस्ट मंडल के गठन तथा उसके स्वरूप का प्रारूप तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी। शक्तिपीठ के प्रमुख ट्रस्टी लाजेश कुमार वर्मा ने बताया कि आयोजन के माध्यम से गायत्री परिवार के सदस्यों के बीच आत्मीयता और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने के साथ ही आगामी कार्यों की रूपरेखा तैयार करना है।