
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी कलेक्टरों को दिए तत्काल सर्वेक्षण के निर्देश, आरबीसी 6-4 के तहत मिलेगी सहायता राशि
रायपुर। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को लेकर राज्य सरकार गंभीर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए सभी जिला कलेक्टरों को फसल क्षति का तत्काल सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया है कि प्रभावित किसानों को राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण फसलों को हुए नुकसान से अन्नदाता किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का शीघ्र आकलन कर पात्र किसानों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
आरबीसी 6-4 के तहत मिलेगी सहायता राशि
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों एवं निर्धारित मानदंडों के अनुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित जिलों में फसल क्षति का सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाएगा, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार राहत मिल सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सर्वेक्षण से लेकर सहायता राशि के वितरण तक की प्रक्रिया तत्परता से पूरी की जाए। प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को समय पर सहायता मिले और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार हर प्रभावित किसान के साथ खड़ी है। किसानों की मेहनत और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। फसल क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। चक्रवात से प्रभावित किसानों के लिए सरकार के इन निर्देशों के बाद अब जिला प्रशासन की सर्वेक्षण प्रक्रिया और पात्र किसानों तक सहायता राशि पहुंचाने की कार्रवाई पर नजर रहेगी।