
रायपुर । प्रशासनिक, विभागीय और राजस्व कार्यों के निष्पादन में लापरवाही बरतने तथा उच्चाधिकारियों के नोटिस का जवाब न देने के मामले में रायगढ़ अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) ने कड़ा रुख अपनाया है। तहसील रायगढ़ में पदस्थ पटवारी एवं छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
जारी आदेश के अनुसार, भागवत कश्यप जब तहसील मुकडेगा (जिला रायगढ़) में पदस्थ थे, उस दौरान उन पर विभिन्न प्रशासनिक, विभागीय और राजस्व संबंधी कार्यों में लापरवाही और अनियमितता बरतने के आरोप लगे थे। इस संबंध में रायगढ़ एसडीएम कार्यालय द्वारा उन्हें 30 सितंबर 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था।
समय मांगने के बाद भी नहीं दिया स्पष्टीकरण
नोटिस मिलने के बाद पटवारी कश्यप ने 05 अक्टूबर 2026 को पत्र लिखकर जवाब देने हेतु दो सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा था। हालांकि, दी गई मोहलत समाप्त हो जाने के बावजूद न तो उन्होंने कोई जवाब पेश किया और न ही विलंब होने का कोई कारण प्रशासन को बताया। प्रशासन ने उनके इस आचरण को शासकीय सेवा नियमावली के पूर्णतः प्रतिकूल और अनुशासनहीनता माना।
निलंबन और विभागीय जांच के आदेश
एसडीएम रायगढ़ ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम (9) के तहत कार्रवाई करते हुए भागवत कश्यप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय रायगढ़ (कानूनगो शाखा) तय किया गया है,राजस्व पटवारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष पर हुई इस सीधी प्रशासनिक कार्रवाई से राजस्व अमले और कर्मचारी हलकों में हड़कंप मच गया है।