विजयादशमी पर पाटन में RSS का पथ संचलन, शस्त्र पूजन से राष्ट्रसेवा का संदेश; विभाग कार्यवाह संजय पांडे बोले– संघ देशभक्ति की पाठशाला, पंच परिवर्तन से भारत को परम वैभव तक पहुंचाने का लें संकल्प

विजयादशमी पर पाटन में RSS का पथ संचलन, शस्त्र पूजन से राष्ट्रसेवा का संदेश; विभाग कार्यवाह संजय पांडे बोले– संघ देशभक्ति की पाठशाला, पंच परिवर्तन से भारत को परम वैभव तक पहुंचाने का लें संकल्प

पाटन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा रविवार को पाटन मंडल में विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में राधाकृष्ण मंदिर गौठान परिसर में एकत्रित हुए। यहां शस्त्र पूजन एवं बौद्धिक कार्यक्रम के पश्चात स्वयंसेवकों ने नगर में अनुशासित पथ संचलन कर संगठन की एकजुटता और अनुशासन का परिचय दिया। गौठान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामानंद निषाद उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड संघचालक संजय शर्मा ने की तथा मुख्य वक्ता के रूप में विभाग कार्यवाह संजय पांडे ने संबोधित किया।

मुख्य वक्ता श्री पांडे ने कहा कि विजयादशमी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस के साथ संघ के छह प्रमुख उत्सवों में से एक है। संघ देशभक्ति की पाठशाला है। पांच पीढ़ियों के संघर्ष और स्वयंसेवकों के समर्पण के बाद आज संघ नई ऊर्जा और दुगुनी ताकत के साथ मातृभूमि की सेवा में जुटा है। उन्होंने कहा कि संघ के कार्य को विभिन्न परिस्थितियों और प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा, लेकिन संघ का कार्य धर्म और सत्य के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र एवं समाज की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि संघ अपने शताब्दी वर्ष के पड़ाव पर स्वयंसेवकों के त्याग, समर्पण और सेवा भाव के माध्यम से समाज में राष्ट्रनिष्ठा की भावना जागृत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। आज 21वीं सदी में भी देश के सामने अनेक चुनौतियां हैं। जाति, पंथ और प्रांत के नाम पर समाज को बांटने वाली प्रवृत्तियों से सावधान रहने की आवश्यकता है। हमें अपने देश, धर्म, संस्कृति और भाषा पर गर्व करना चाहिए।

उन्होंने सामाजिक समरसता, वैचारिक प्रदूषण से संघर्ष, पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली विकसित करने तथा नागरिक कर्तव्यों के पालन पर जोर देते हुए कहा कि संघ के पंच परिवर्तन के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाकर भारत को परम वैभव के शिखर तक ले जाने के लिए प्रत्येक स्वयंसेवक को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। कार्यक्रम में थनेन्द्र कुम्भकार (खण्ड कार्यवाह पाटन),गौकरण चक्रधारी,रविन्द्र मड़रिया, नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, छगेंद्र चक्रधारी, शत्रुघ्न देवांगन, ललित माली, केवल देवांगन, बाबा वर्मा, पुष्कर कुम्भकार, घनश्याम सोनी, शेखर कुम्भकार, राजेश द्विवेदी, विशेषर कन्नौजे, लीलाधर वर्मा, मनीष चंद्राकर, रामस्वरूप पटेल, ईश्वरी यदु, गोपाल पटेल, कृष्णा निषाद, रविन्द्र मधरिया सत्यप्रकाश राघव सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *