दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के पेंड्रावन और सेलूद में स्कूलों की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों के सड़क पर उतरने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी मुद्दा उठाया है। CJP की ओर से महेंद्र भारद्वाज ने राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के नाम पत्र सौंपकर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के साथ शौचालय और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। CJP का कहना है कि पेंड्रावन और सेलूद में हुए छात्र आंदोलन केवल दो स्कूलों की समस्या नहीं हैं, बल्कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों की जमीनी स्थिति की व्यापक जांच की जरूरत को सामने लाते हैं।
पेंड्रावन में 400-500 छात्रों ने किया था प्रदर्शन
पेंड्रावन के स्वामी आत्मानंद स्कूल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के करीब 400 से 500 छात्रों ने शिक्षकों की कमी को लेकर प्रदर्शन किया था। छात्रों ने खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर दो बार चक्काजाम किया और करीब 12 घंटे तक आंदोलन किया। छात्रों की मांग थी कि स्कूल में पर्याप्त संख्या में शिक्षक उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। शिक्षा मंत्री से बातचीत और आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। फिलहाल स्कूल में चार शिक्षकों और नए प्राचार्य की व्यवस्था किए जाने की जानकारी है।
सेलूद में 200 छात्रों ने शौचालय को लेकर किया चक्काजाम
सेलूद स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय में करीब 200 छात्र-छात्राओं ने शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। छात्रों ने पहले स्कूल का गेट बंद किया और बाद में दुर्ग-पाटन मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। छात्रों का कहना था कि स्कूल में पर्याप्त संख्या में उपयोग योग्य शौचालय उपलब्ध नहीं हैं। अधिकारियों के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त हुआ।
CJP ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
छात्रों के आंदोलन के बाद CJP ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं।
पहली मांग: बरसात और स्वच्छ भारत अभियान को ध्यान में रखते हुए 10 दिन के भीतर प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों का सर्वे कराया जाए। जिन स्कूलों में उपयोग योग्य शौचालय और स्वच्छ पेयजल की सुविधा नहीं है, उनकी सूची सार्वजनिक की जाए।
दूसरी मांग: प्रत्येक स्कूल में बालक और बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएं। इनमें पानी और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था हो और उनका नियमित रखरखाव किया जाए। साथ ही बच्चों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी साफ करने की मशीनें लगाने और इसके लिए तत्काल बजट जारी करने की मांग की गई है।
तीसरी मांग: सरकार यह सुनिश्चित करे कि एक साल के भीतर प्रदेश का कोई भी स्कूल ऐसा न रहे, जहां बच्चों को साफ शौचालय और सुरक्षित पेयजल की सुविधा उपलब्ध न हो।
शिक्षकों की कमी दूर करने पर भी जोर
CJP ने स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया है। संगठन का कहना है कि केवल भवन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रत्येक स्कूल में विषयवार पर्याप्त शिक्षक होना जरूरी है। पेंड्रावन में छात्रों को शिक्षकों की कमी के कारण आंदोलन करना पड़ा। संगठन ने मांग की है कि सरकार प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता की समीक्षा करे और जहां कमी है, वहां तत्काल नियुक्ति या पदस्थापना की जाए।
‘बच्चों को सड़क पर नहीं, स्कूल में मिलनी चाहिए सुविधा’
CJP के महेंद्र भारद्वाज ने कहा कि बच्चों को अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए सड़क पर उतरना पड़े, यह शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल है। पेंड्रावन में शिक्षकों की कमी और सेलूद में शौचालय की समस्या सामने आई है। सरकार को केवल शिकायत सामने आने के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रदेशभर के स्कूलों की जमीनी स्थिति का सर्वे कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की बात तभी सार्थक होगी, जब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ स्वच्छ पानी, उपयोग योग्य शौचालय और सुरक्षित वातावरण भी मिले। CJP ने सरकार से मांग की है कि इन समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए।