जनभागीदारी समिति की बैठक में जामगांव आर महाविद्यालय विकास के कई प्रस्तावों पर बनी सहमति, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत हुआ वृहद पौधारोपण

जनभागीदारी समिति की बैठक में जामगांव आर महाविद्यालय विकास के कई प्रस्तावों पर बनी सहमति, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत हुआ वृहद पौधारोपण

जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर में सत्र 2026-27 के लिए जनभागीदारी समिति की बैठक महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल एवं समिति अध्यक्ष नरेश केला की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, ऊर्जा आत्मनिर्भरता तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को विकसित करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की गई। बैठक के प्रारंभ में समिति के स्थानीय सदस्य डॉ. आबिद हसन खान ने गत वर्ष की कार्यवाही एवं रिपोर्ट का वाचन किया तथा समिति के पास उपलब्ध निधि की जानकारी सदस्यों को दी। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने बताया कि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल के सहयोग से रूरल इंजीनियर्स सर्विस के माध्यम से महाविद्यालय में साइकिल स्टैंड निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई है।

सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल

महाविद्यालय को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सोलर पैनल स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। प्राचार्य ने परिसर में सोलर सिस्टम लगाने के लिए कराए गए सर्वे की जानकारी प्रस्तुत की। समिति अध्यक्ष नरेश केला सहित सदस्यों ने आवश्यक नियम, सब्सिडी एवं अन्य प्रावधानों की जानकारी प्राप्त करने के बाद प्रस्ताव को आगे बढ़ाने पर सहमति दी। समिति सदस्य नरेन्द्र धरमगुड़ी, जिन्हें सौर ऊर्जा के क्षेत्र में विशेष अनुभव एवं दक्षता प्राप्त है, ने महाविद्यालय में 10 किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम की स्थापना के संबंध में आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद योजना को क्रियान्वित किया जाएगा।

बाउंड्रीवाल व मरम्मत कार्यों का प्रस्ताव स्वीकृत

समिति सदस्य खेमलाल देशलहरे ने महाविद्यालय की बाउंड्रीवाल एवं अन्य आवश्यक मरम्मत कार्यों को मनरेगा के नवीन स्वरूप ‘जी राम जी’ के अंतर्गत कराने का प्रस्ताव रखा। नियम एवं प्रक्रिया की जानकारी लेने के बाद इसे नियमानुसार कराने पर सर्वसम्मति से सहमति बनी। वहीं महाविद्यालय के लिए पूर्व स्वीकृत ओपन जिम को सांसद निधि के माध्यम से पूर्ण कराने का प्रयास करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत हुआ वृहद पौधारोपण

जनभागीदारी समिति की बैठक के पश्चात महाविद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों, जनभागीदारी समिति के सदस्यों तथा राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी चेतना सोनी के समन्वय और रेड क्रॉस कार्यक्रम प्रभारी डॉ. संतोष पांडे के मार्गदर्शन में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए आवश्यक घेराबंदी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों ने पौधों को उपहार स्वरूप देने के साथ उनके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा की प्रतिज्ञा भी ली।कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के सदस्य लालेश्वर साहू, तेजेंद्र पिपरिया, लालजी डहरे, खेमलाल देशलहरे, उमाशंकर शुक्ल, नरेन्द्र धरमगुड़ी, कौशल्या साहू एवं छबिलाल साहू सहित महाविद्यालय के प्रो.नीता कुंभारे, डॉ. संतोष पांडे, रजनीश तिवारी, गिरीश देशपांडे, चेतना सोनी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *