बोरसीभाठा में वन महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन, 12 हेक्टेयर में रोपे गए 3,500 पौधे

बोरसीभाठा में वन महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन, 12 हेक्टेयर में रोपे गए 3,500 पौधे

पौधों को रक्षासूत्र बांधकर विद्यार्थियों व अधिकारियों ने लिया संरक्षण का संकल्प

दुर्ग, 25 अगस्त 2026। हरित आवरण को बढ़ावा देने एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से बोरसीभाठा में वन विभाग दुर्ग वनमंडल द्वारा ‘वन महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। महाअभियान के तहत 12 हेक्टेयर क्षेत्र में फलदार एवं छायादार प्रजातियों के कुल 3,500 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल तथा दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण व अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने स्वयं पौधरोपण कर आमजन से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा करने की अपील की। वन महोत्सव को लेकर स्कूली विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह रहा। कार्यक्रम में जूनियर रेडक्रास, भारत स्काउट एवं गाइड, रोवर रेंजर्स के विद्यार्थियों, विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों तथा स्थानीय नागरिकों सहित करीब 500 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

पौधों को बांधा रक्षासूत्र, लिया संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पौधों को रक्षासूत्र बांधने की पहल रही। भारत स्काउट एवं गाइड दुर्ग की ओर से पौधों की सुरक्षा के लिए रक्षासूत्र उपलब्ध कराए गए। स्कूली बच्चों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवरोपित पौधों को रक्षासूत्र बांधकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस पहल ने पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भावनात्मक रूप से लोगों से जोड़ने का कार्य किया। कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक दुर्ग वृत्त एम. मर्सिबेला, अपर कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी, एसडीएम दुर्ग शहर प्रफुल्ल गुप्ता, तहसीलदार क्षमा यदु तथा प्रभारी वनमंडलाधिकारी जितेन्दर कुमार सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *