
पाटन। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर ग्राम जमराव में यादव समाज की ओर से पारंपरिक दहीलूट उत्सव का आयोजन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। धार्मिक आस्था, लोकपरंपरा और सामूहिक उत्साह से सराबोर इस आयोजन में समाजजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। उत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की मनोहारी झलक देखने को मिली। दही-माखन से सजी दहीहांडी को ऊंचाई पर बांधा गया, जिसे फोड़ने के लिए युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। युवाओं की टोली ने पूरे जोश और उमंग के साथ दहीहांडी फोड़ी। हांडी फूटते ही उपस्थित लोगों ने जयकारों के साथ उत्सव का आनंद लिया। पूरा वातावरण ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत जमराव की सरपंच जागेश्वरी भेष कुमार सोनकर भी शामिल हुईं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर आयोजन में सहभागिता निभाई तथा समाजजनों एवं ग्रामीणों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं समाज को जोड़ने का काम करती हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ गांव में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। दहीलूट उत्सव को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं और बुजुर्गों ने भी आयोजन में सहभागिता कर पर्व की खुशियां साझा कीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान ग्राम जमराव में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।