
जामगांव-आर। भारत के महान शिक्षाविद्, पूर्व उपराष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय बेल्हारी में शनिवार को शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए गुरुजनों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की आराधना एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। सभागार में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने कविता, कहानी, नाटक एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर प्राचार्य रीना चौधरी ने कहा कि शिक्षक दिवस केवल शिक्षकों के सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार और गुरु-शिष्य की पवित्र परंपरा को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर कठिन परिश्रम करने तथा माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ व्याख्याता योगेंद्र कुमार साहू ने कहा कि शिक्षक का सबसे बड़ा सम्मान विद्यार्थियों की सफलता और उनके अच्छे संस्कार हैं। शिक्षिका के. हेमावती ने मेहनत, अनुशासन और विनम्रता को सफलता का आधार बताया, जबकि बिलाल अहमद अंसारी ने विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ निरंतर सीखते रहने की प्रेरणा दी।
व्याख्याता किशोर कुमार जायसवाल ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन को समझने और सही मार्ग चुनने की सीख भी देते हैं। शिक्षक देवेंद्र साहू ने हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों द्वारा संयुक्त आयोजन को विद्यालय की एकता और पारिवारिक भावना का सुंदर उदाहरण बताया। शिक्षक वासुदेव नंदन नाग ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों की ओर से हिंदी माध्यम के शाला नायक विनय ठाकुर एवं अंग्रेजी माध्यम के शाला नायक धनंजय कुमार ने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक जीवन के ऐसे दीपक हैं, जो विद्यार्थियों को अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं।
समारोह की विशेषता हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों का संयुक्त आयोजन रहा। इस पहल से विद्यार्थियों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और विद्यालय परिवार की भावना को मजबूती मिली। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विद्यालय के समस्त गुरुजनों को नारियल, पेन एवं शील्ड भेंट कर भावपूर्ण सम्मान किया।.कार्यक्रम में संस्था प्रमुख एवं नोडल संकुल प्राचार्य रीना चौधरी सहित वरिष्ठ व्याख्याता योगेंद्र कुमार साहू, नीता वर्मा, किशोर कुमार जायसवाल, के. हेमावती, उत्तम कुमार पटेल, सांस्कृतिक प्रभारी मुकेश्वरी ध्रुव, गीतांजलि खुटैल, देवेंद्र साहू, चंद्रकला साहू, दीपिशा एन.के., तृष्णा चक्रवर्ती, शिबुमाला हरी, कौशर अंजुम, बिलाल अहमद अंसारी, पुष्पेंद्र साहू, अमनदीप सोनी, वासुदेव नंदन नाग, तोषण लाल साहू, बुधराम साहू, खुशबू मिश्रा, पूनम सिंह, नरेंद्र कुमार साहू, विद्या नायर, श्रुति शर्मा, प्रियंका आनंद, नेहा आनंद माहेश्वरी,तुषार कामरे,द्रौपती गंजीर, सरस्वती चतुर्वेदी, धारा साहू सहित अन्य उपस्थित रहे।