
जामगांव आर। दक्षिण पाटन क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। दुर्ग-धमतरी मुख्य मार्ग पर स्थित जामगांव आर के किसान चौक में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश का पानी इन गड्ढों में भर जाने से चौक के दोनों ओर सड़क पर जगह-जगह तालाब जैसी स्थिति निर्मित हो रही है।.गड्ढों में पानी भरे होने के कारण वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति दुर्घटना का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के गड्ढे समय के साथ लगातार बढ़ते जा रहे हैं और बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है।
• PWD सब इंजिनियर कार्यालय के सामने ही सड़क की बदहाली
मामले में सबसे अधिक चर्चा इस बात को लेकर है कि जामगांव आर में ही लोक निर्माण विभाग (PWD) के सब इंजीनियर का कार्यालय स्थित है, इसके बावजूद मुख्य मार्ग के इस महत्वपूर्ण चौक की स्थिति लंबे समय तक जस की तस बनी रही। इससे विभागीय निगरानी और सड़क रखरखाव की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
• बेल्हारी चौक , गाड़ाडीह और सेलुद नहर पुलिया के पास भी सड़कें बदहाल, मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल
इसी तरह बेल्हारी के शिवाजी चौक के पास भी सड़क की स्थिति खराब होने की बात सामने आ रही है। वहीं गाड़ाडीह और सेलुद नहर के पास हाल ही में कराए गए मरम्मत कार्य भी सवालों के घेरे में हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक मरम्मत के बाद सड़क अभी से उखड़ने लगी है, जिससे कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।.
• ‘युवा चैनल’ की पड़ताल के बाद हरकत में आया विभाग
सड़क की बदहाली को लेकर युवा चैनल न्यूज़ ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मामले में बातचीत की। इसके बाद विभाग ने जामगांव आर किसान चौक में गड्ढों की भराई का काम शुरू कर दिया। अचानक शुरू हुए मरम्मत कार्य से स्थानीय लोगों को फिलहाल राहत की उम्मीद जगी है। हालांकि, लोगों का कहना है कि केवल गड्ढों की अस्थायी भराई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। मुख्य मार्ग पर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत के साथ जल निकासी की उचित व्यवस्था भी जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा न हो और कुछ समय बाद फिर वही स्थिति निर्मित न हो।
• लोनीवि एसडीओ बोले -बारिश में डामर वर्क संभव नहीं, फिलहाल कांक्रीट से करा रहे मरम्मत –
मामले में लोक निर्माण विभाग की एसडीओ सोनल धलेन्द्र ने कहा कि बारिश के कारण फिलहाल डामर से सड़क की मरम्मत कराना संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसे में अस्थायी तौर पर कांक्रीट वर्क के माध्यम से गड्ढों की मरम्मत कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अनेक मार्गों से सड़क संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। संबंधित सब इंजीनियर को मौके पर भेजकर स्थिति दिखवाई जाएगी और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार फिलहाल आवश्यक कार्य कराया जाएगा। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद संबंधित स्थानों पर डामर वर्क कराकर सड़क की स्थायी मरम्मत की जाएगी।