
जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘सेवा का संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिवार ने ‘आशीर्वाद का दीप’ प्रज्वलित कर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा समाज के उत्थान एवं उत्कर्ष में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से उनमें सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अभियान की विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी चेतना सोनी ने बताया कि 2 अक्टूबर तक चलने वाले ‘माई भारत’ अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा सामाजिक विकास एवं जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने विद्यार्थियों को क्विज, भाषण सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियों में अधिक से अधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश भी दिया। इसी अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विश्वकर्मा जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई, जिसमें महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की,कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की बी.कॉम. पंचम सेमेस्टर की छात्रा मोहिनी विश्वकर्मा की उपलब्धि भी उल्लेखनीय रही। उन्होंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा मान्यता प्राप्त SWAYAM मंच के माध्यम से संचालित ऑनलाइन पाठ्यक्रम की वेब-आधारित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।