ट्रांसपोर्टर इंद्रजीत सिंह की HTC पर GST रेड, 6 घंटे चली जांच: भिलाई से बलौदाबाजार तक खंगाले दस्तावेज; कंपनी के पास 1500 से ज्यादा ट्रक

दुर्ग-भिलाई। करीब 1,500 ट्रकों का संचालन करने वाले ट्रांसपोर्ट कारोबारी इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू की हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के ठिकानों पर सोमवार को स्टेट GST की टीम ने कार्रवाई की। GST अधिकारियों ने भिलाई के हथखोज स्थित कंपनी के ऑफिस और गोदाम के साथ बलौदाबाजार स्थित यार्ड में भी पहुंचकर कारोबारी दस्तावेज और रिकॉर्ड की जांच की। जानकारी के मुताबिक GST टीम ने करीब 6 घंटे तक अलग-अलग दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच की। अधिकारी देर रात तक कंपनी के ठिकानों पर मौजूद रहे। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कार्रवाई किस शिकायत, सूचना या संभावित अनियमितता के आधार पर की गई।

भिलाई से बलौदाबाजार तक हुई जांच

HTC का कारोबार कई स्थानों पर फैला हुआ है। इसी के चलते GST अधिकारियों ने भिलाई के साथ बलौदाबाजार स्थित कंपनी के यार्ड में भी दस्तावेजों की पड़ताल की। जांच के दौरान कंपनी के कारोबारी लेन-देन, रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों को खंगाला गया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जांच के दौरान विभाग को कोई ऐसी जानकारी मिली है या नहीं, जिसके आधार पर आगे कार्रवाई की जा सके।

BSP में HTC की 60-70 गाड़ियां चलती हैं

HTC के कारोबार का एक बड़ा हिस्सा भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से भी जुड़ा बताया जाता है। जानकारी के अनुसार कंपनी की करीब 60 से 70 गाड़ियां BSP में परिवहन कार्य में लगी हुई हैं। ये वाहन प्लांट के अंदर लोडिंग समेत परिवहन से जुड़े कार्यों में उपयोग किए जाते हैं। ऐसे में GST जांच के दौरान कंपनी के परिवहन कारोबार से संबंधित बिल, टैक्स रिकॉर्ड और अन्य कारोबारी दस्तावेज भी जांच के दायरे में रहे होंगे। हालांकि, विभाग ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

कौन हैं इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू?

इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू भिलाई के प्रमुख ट्रांसपोर्ट कारोबारियों में शामिल हैं। वे हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के डायरेक्टर हैं और करीब 1,500 ट्रकों के संचालन से जुड़े बताए जाते हैं। ट्रांसपोर्ट कारोबार के अलावा इंद्रजीत सिंह विभिन्न सामाजिक और खेल संगठनों से भी जुड़े हुए हैं। वे एसबीएस हॉस्पिटल भिलाई के डायरेक्टर, भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, यूथ सिख सेवा समिति भिलाई के अध्यक्ष, सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष और न्यू गतका स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। राजनीतिक क्षेत्र में भी उनके सक्रिय होने की चर्चा होती रही है और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनके चुनाव लड़ने की अटकलें भी सामने आती रही हैं।

GST विभाग की रिपोर्ट पर टिकी नजर

स्टेट GST की कार्रवाई के बाद अब विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। टीम ने किन दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की, क्या कोई रिकॉर्ड या अन्य सामग्री जब्त की गई और जांच में टैक्स से संबंधित कोई अनियमितता सामने आई है या नहीं, इसकी तस्वीर रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। फिलहाल GST विभाग ने HTC या इंद्रजीत सिंह के खिलाफ किसी टैक्स चोरी या अन्य वित्तीय अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *