संजय शर्मा बोले—सेवारत शिक्षकों की दक्षता प्रशिक्षण से बढ़ाई जा सकती है, विभागीय TET का विकल्प व्यावहारिक; शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव पर जताया भरोसा
रायपुर, 30 अगस्त 2026। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सेवाकालीन शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण करने के लिए 31 अगस्त 2028 तक समय दिए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में TET को लेकर शिक्षकों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने सरकार से तमिलनाडु की तर्ज पर TET से स्थायी मुक्ति देने तथा 17 अगस्त 2012 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को TET से पूर्ण छूट देने की मांग की है।
मोर्चा के प्रदेश संयोजक संजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश के सेवारत शिक्षक नई नियुक्ति के लिए TET नहीं दे रहे हैं, बल्कि वे पहले से ही सेवा में हैं। ऐसे में उनकी दक्षता बढ़ाने के लिए विभागीय प्रशिक्षण, व्यवहारिक ज्ञान और अन्य माध्यम पहले से संचालित हैं। उन्होंने कहा कि TET को लेकर न्यायिक एवं वैधानिक परिस्थितियां उत्पन्न होने के बाद इसका समाधान शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए। शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के समक्ष पांच सूत्रीय मांगें रखी थीं। इनमें TET से स्थायी मुक्ति, पूर्व सेवा की गणना कर सभी हितलाभ प्रदान करना, केंद्रीय वेतनमान लागू कर वेतन विसंगति दूर करना, D.Ed. धारक शिक्षकों के लिए B.Ed. हेतु ब्रिज कोर्स की व्यवस्था तथा भर्ती-पदोन्नति नियम 2026 को निरस्त अथवा संशोधित करने की मांग शामिल है। मोर्चा के अनुसार बैठक में इन सभी विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई है।
संजय शर्मा, वीरेंद्र दुबे और केदार जैन ने कहा कि 17 अगस्त 2012 तक छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के लिए TET की आवश्यकता नहीं थी। ऐसे में राज्य सरकार विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेज सकती है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को उम्मीद है कि इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। मोर्चा ने यह भी सुझाव दिया है कि NCTE से पत्राचार कर राज्य के सेवारत शिक्षकों के लिए “विभागीय सीमित शिक्षक पात्रता परीक्षा” आयोजित की जा सकती है। इससे अनुभवी शिक्षकों को उनकी सेवा एवं अनुभव के अनुरूप परीक्षा में पर्याप्त अवसर मिलेगा और न्यायिक निर्देशों का पालन भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।
वर्ष में तीन बार TET कराने की मांग
शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने सुझाव दिया है कि सेवाकालीन शिक्षकों के लिए पृथक विभागीय TET शीघ्र आयोजित की जाए। साथ ही TET का वार्षिक कैलेंडर जारी कर वर्ष में कम से कम तीन बार परीक्षा आयोजित करने, परीक्षा प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने तथा परीक्षा का पाठ्यक्रम व्यवहारिक एवं सेवा-अनुभव आधारित रखने की मांग की गई है। मोर्चा ने न्यूनतम उत्तीर्णांक 33 प्रतिशत निर्धारित करने, परीक्षा को पदोन्नति एवं सेवा नियमितीकरण से जोड़ने, परीक्षा को विभागीय स्तर पर संचालित करने तथा प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक दोनों स्तरों के लिए परीक्षा आयोजित करने का सुझाव दिया है। परीक्षा केंद्र विकासखंड स्तर पर केवल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को बनाए जाने की मांग भी रखी गई है।
100 अंकों की OMR आधारित परीक्षा का प्रस्ताव
मोर्चा ने TET आयोजन के लिए पेपर-I और पेपर-II आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है। परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न, प्रत्येक एक अंक का तथा तीन घंटे की अवधि रखने का सुझाव है। प्रश्न कक्षा 1 से 5 तथा कक्षा 6 से 8 के पाठ्यक्रम, सामान्य शैक्षणिक समझ एवं अवधारणाओं पर आधारित रखने की बात कही गई है।
पेपर-I और पेपर-II के बीच कम से कम 15 दिन का अंतर रखने तथा परीक्षा ऑफलाइन OMR आधारित कराने का सुझाव दिया गया है। सेवाकालीन शिक्षकों के लिए न्यूनतम उत्तीर्णांक 33/100 रखने और परीक्षा की तैयारी के लिए शिक्षकों को शीघ्र मॉड्यूल उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि उन्हें शिक्षा मंत्री के साथ हुई चर्चा पर भरोसा है और सरकार शिक्षकों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ऐसा समाधान निकालेगी, जिससे अनुभवी एवं सेवाकालीन शिक्षकों के हित सुरक्षित रहें।