मुख्यमंत्री साय ने रायपुर में सुनी ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी; ‘बोले -देश के कोने-कोने के नवाचारों को देती है राष्ट्रीय पहचान

रायपुर, 30 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री का देश के नागरिकों से आत्मीय संवाद का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे नवाचारों, प्रेरक कार्यों और सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश के दूरस्थ गांवों और छोटे क्षेत्रों में अनेक लोग बिना किसी स्वार्थ एवं प्रचार के समाज और राष्ट्रहित में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। कोई पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहा है, तो कोई स्वच्छता, स्थानीय संसाधनों और नवाचार के माध्यम से अपने क्षेत्र में बदलाव ला रहा है। प्रधानमंत्री ऐसे सामान्य लोगों के असाधारण कार्यों को ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के सामने लाते हैं, जिससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है।

‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प पर महत्वपूर्ण संदेश दिया है। युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

‘हर घर तिरंगा’ में दिखा राष्ट्रप्रेम

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति देशवासियों का उत्साह राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गौरव को दर्शाता है। अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक लोगों द्वारा तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड किया जाना देश के नागरिकों के गहरे राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।

पीएम स्वनिधि से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यवसायों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिल रहा है। योजना के लाभार्थियों में लगभग 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में करीब 35 लाख महिलाएं इससे जुड़ी हैं। आर्थिक रूप से सशक्त महिलाएं परिवार के साथ-साथ समाज और देश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

स्वच्छता को जन-जन का संकल्प बनाने की जरूरत

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वच्छता में स्थायी बदलाव तभी संभव है, जब यह केवल सरकारी अभियान न रहकर प्रत्येक नागरिक की आदत और जिम्मेदारी बने। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घर, मोहल्ले, गांव और शहर को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

अंतरिक्ष विज्ञान में बेटियों की उड़ान, महिमा राजपूत पर छत्तीसगढ़ को गर्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बेटियां आज हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों का उल्लेख किया, जिसके जरिए छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक समझने और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है कि प्रदेश की महिमा राजपूत भी इस महत्वपूर्ण मुहिम का हिस्सा बनी हैं। मुख्यमंत्री ने महिमा को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।

‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का उल्लेख गौरव का विषय

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की विभिन्न कड़ियों में छत्तीसगढ़ के अनेक सकारात्मक प्रयासों और विशिष्टताओं का उल्लेख किया है। बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण संरक्षण जैसे विषयों को राष्ट्रीय मंच पर स्थान मिलना प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करती है। यह कार्यक्रम स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नवाचार, समाजसेवा और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों के लिए नागरिकों को प्रेरित करता है तथा जनभागीदारी की भावना को मजबूत करता है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू एवं पुरंदर मिश्रा, संतजन, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *