तीन साल बाद एक मंच पर सजा छत्तीसगढ़ का खेल सम्मान, 21 खेलों में 325 अलंकरण

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तीन साल से लंबित राज्य खेल अलंकरण शनिवार को एक साथ प्रदान किए गए। पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह-2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों, कोचों और टीमों को सम्मानित किया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव की अध्यक्षता में हुए समारोह में केंद्रीय मंत्री तोखन लाल साहू, डॉ. रमन सिंह समेत प्रदेश के कई मंत्री और विधायक मौजूद रहे। इस बार समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के राज्य खेल अलंकरण एक साथ दिए गए। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के साथ कोचों और टीमों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। तीन वर्षों के लंबित पुरस्कार एक साथ दिए जाने से लंबे समय से प्रतीक्षित खेल सम्मान का आयोजन संभव हुआ।

2025-26 में 21 खेलों के 325 अलंकरण

वर्ष 2025-26 के नगद पुरस्कारों में 21 खेलों के खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को कुल 325 अलंकरण दिए गए। इनमें किक बॉक्सिंग और कुडो का दबदबा रहा। दोनों खेलों को मिलाकर 146 अलंकरण दिए गए, जो कुल पुरस्कारों का करीब 45 प्रतिशत है। इसके मुकाबले एथलेटिक्स में 2 और बैडमिंटन में 1 अलंकरण दर्ज हुआ। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद विनोद चौबे सम्मान और शहीद पंकज विक्रम सम्मान समेत विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।

टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी

व्यक्तिगत खिलाड़ियों के अलावा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। वर्ष 2023-24 में व्हीलचेयर फेंसिंग पुरुष टीम ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया। टीम में बिरेन्द्र नवरंग, हरिहर सिंह राजपूत, आशीष पटेल और महेंद्र साहू शामिल रहे, जबकि सूरज साहू टीम मैनेजर थे। इसी वर्ष जूनियर बालिका सॉफ्टबॉल टीम ने पटना में हुई 41वीं जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। टीम में चंद्रकांता बरेठ, प्रतिमा सोना और रेणुका तेलम समेत 16 से अधिक खिलाड़ी शामिल थीं।

महिला तीरंदाजी टीम ने रजत के बाद जीता स्वर्ण

छत्तीसगढ़ की सीनियर महिला तीरंदाजी टीम ने भी लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। वर्ष 2024-25 में झारखंड में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में टीम ने रजत पदक जीता। टीम में सुलोचना राज, चांदनी साहू, हर्षिता साहू और सुशीला नेताम शामिल थीं तथा कोच इतवारी सिंह राज रहे। इसके बाद वर्ष 2025-26 में हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में इसी टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस बार टीम में चांदनी साहू, सुलोचना राज, पायल मरावी और माया शामिल रहीं और कोच इतवारी राज रहे।

रायपुर के खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी

राजधानी रायपुर के खिलाड़ियों ने भी अलग-अलग खेलों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। टेबल टेनिस, वुशु, बैडमिंटन और वेटलिफ्टिंग में रायपुर के कई खिलाड़ियों को अलंकरण के लिए चुना गया। भाठागांव के राजीव साहू का नाम शहीद पंकज विक्रम पुरस्कार 2023-24 की सूची में शामिल है। वुशु में दिहलापारा की प्रियंका ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक हासिल किया, जबकि सत्ती बाजार की मानसी डुंभरे सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शामिल रहीं।

बैडमिंटन में सुजय तम्बोली को 2025-26 के शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार के लिए चुना गया। दिव्यांश अग्रवाल ने जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया, जबकि ईशान भटनागर का नाम 2024-25 की बैडमिंटन सूची में शामिल है। वेटलिफ्टिंग में अजय दीप सारंग को वीर हनुमान सिंह सम्मान 2025-26 के लिए चुना गया। उन्होंने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए हैं। एवन कुमार जैन का नाम भी सम्मान सूची में शामिल रहा।

दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर के खिलाड़ियों का भी दबदबा

अलंकरण सूची में दुर्ग-भिलाई के खिलाड़ियों ने हॉकी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, कुश्ती, नेटबॉल और मास्टर्स बैडमिंटन में उपलब्धियां दर्ज कीं। इनमें हॉकी की भूमिका उपाध्याय, टेबल टेनिस की काजल, बैडमिंटन की संगीता राजगोपाल, कुश्ती के गामा यादव और वेटलिफ्टिंग के भूपेंद्र कुमार गडे प्रमुख नाम रहे। बिलासपुर के खिलाड़ियों ने शूटिंग, तैराकी और तीरंदाजी समेत कई खेलों में बेहतर प्रदर्शन किया। सीता साहू, शशांक मसीह, स्वाती साहू, संकेत सामुएल और अजित्या सिंह सहित कई खिलाड़ियों को अलंकरण सूची में जगह मिली।

पैरा खिलाड़ियों को भी सम्मान

राज्य खेल अलंकरण में पैरा खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी स्थान मिला। पैरा एथलेटिक्स, पैरा फेंसिंग, पैरा जूडो, पैरा तैराकी और व्हीलचेयर फेंसिंग के खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया। महासमुंद के सुखदेव ने पैरा एथलेटिक्स में 100 मीटर और 1500 मीटर में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं बिलासपुर की सीता साहू और स्वाती साहू ने व्हीलचेयर फेंसिंग में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते।

छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच

अलंकरण सूची में रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर जैसे बड़े शहरों के साथ बालोद, राजनांदगांव, बीजापुर और रायगढ़ समेत अन्य जिलों के खिलाड़ियों को भी स्थान मिला। बालोद के अमित कुमार ने एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक हासिल किया। राजनांदगांव के महेंद्र ध्रुवे का नाम वॉलीबॉल और ज्ञानेश्वरी यादव का बैडमिंटन में शामिल है। बीजापुर के राकेश कडती ने सॉफ्टबॉल में उपलब्धि हासिल की, जबकि रायगढ़ के अमन तिवारी और दिव्यांशु देवांगन भी सम्मान सूची में शामिल रहे। सॉफ्टबॉल और तीरंदाजी की बालिका टीमों में छोटे शहरों, ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों से आने वाली खिलाड़ियों की भागीदारी भी रही। इससे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से निकल रही खेल प्रतिभाओं और राष्ट्रीय स्तर पर उनकी बढ़ती मौजूदगी का पता चलता है। तीन साल बाद एक मंच पर हुआ यह आयोजन छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए इसलिए भी अहम रहा कि इसमें व्यक्तिगत खिलाड़ियों से लेकर टीमों और पैरा खिलाड़ियों तक को एक साथ सम्मान मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *