
गुजरात में आधुनिक तेलघानी तकनीक, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन व्यवस्था का करेंगे अध्ययन; अनुभव से छत्तीसगढ़ में व्यवसाय को मिलेगा नया आयाम
रायपुर। छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड द्वारा तेलघानी व्यवसाय से जुड़े हितग्राहियों के कौशल विकास और व्यवसाय को आधुनिक स्वरूप देने के उद्देश्य से अंतरराज्यीय अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों के हितग्राहियों का दल बस से गुजरात के बड़ोदरा के लिए रवाना हुआ। दल को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू एवं छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने रायपुर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप इस तरह के कौशल विकास एवं अंतरराज्यीय अध्ययन भ्रमण से हितग्राहियों को दूसरे राज्यों में तेलघानी व्यवसाय के क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीक, प्रसंस्करण, विपणन और व्यवसाय संचालन की जानकारी मिलेगी। गुजरात में तेलघानी क्षेत्र में हो रहे कार्यों और नवाचारों को करीब से समझने का अवसर हितग्राहियों को मिलेगा, जिसका उपयोग वे छत्तीसगढ़ लौटकर अपने व्यवसाय में कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में तेलघानी क्षेत्र को मजबूत कर प्रदेश को इस क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। इससे स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर विकसित होने के साथ ही तेलघानी व्यवसाय से जुड़े परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद मिलेगी। अध्ययन भ्रमण में दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मुंगेली, बस्तर, कांकेर, सुकमा, धमतरी, कोरबा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, दंतेवाड़ा, कबीरधाम एवं नगरी सहित विभिन्न जिलों के हितग्राही शामिल हुए।
आधुनिक मशीनरी और विपणन तकनीक का करेंगे अध्ययन
तेलघानी विकास बोर्ड के सचिव अमित श्रीवास्तव ने कहा कि तेलघानी व्यवसाय से जुड़े लघु उद्यमियों और तिलहन उत्पादक किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार करना बोर्ड का प्रमुख उद्देश्य है। हितग्राहियों को प्रशिक्षण, तकनीकी जानकारी और बेहतर व्यवसायिक पद्धतियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अध्ययन भ्रमण के दौरान हितग्राही आधुनिक मशीनरी, तेल निष्कर्षण तकनीक, तिलहन प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं विपणन व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे। गुजरात में प्राप्त व्यावहारिक अनुभवों का उपयोग छत्तीसगढ़ में तेलघानी व्यवसाय को अधिक व्यवस्थित और आधुनिक बनाने में किया जा सकेगा।