
43,300 कर्मचारियों के मानदेय और सेवा शर्तों का मुद्दा, सरगुजा संभाग में रैली के बाद पर्यटन मंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन
रायपुर, 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में स्कूल सफाई कर्मचारी संघ ने अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। संघ की प्रमुख मांग स्कूलों में कार्यरत अंशकालीन सफाई कर्मचारियों को पूर्णकालीन कर्मचारी का दर्जा देने की है। मांग पूरी नहीं होने पर कर्मचारियों ने आंदोलन को तेज करने की बात कही है। संघ के अनुसार प्रदेशभर में करीब 43,300 स्कूल सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं, जिन्हें वर्तमान में 3,520 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि इतने कम मानदेय में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल है। लंबे समय से पूर्णकालीन कर्मचारी का दर्जा देने की मांग को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है।
घोषणा पत्र में मांग शामिल होने का दावा
स्कूल सफाई कर्मचारी संघ का कहना है कि अंशकालीन कर्मचारियों को पूर्णकालीन करने की मांग सरकार के घोषणा पत्र में भी शामिल की गई थी। संघ के मुताबिक इसके बावजूद अब तक इस संबंध में ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिसके चलते कर्मचारियों में असंतोष है।
2 अक्टूबर को रैली और महाआंदोलन
संघ ने मांग पूरी नहीं होने के विरोध में 2 अक्टूबर को अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में महाआंदोलन करने का निर्णय लिया है। इस दौरान स्कूल सफाई कर्मचारी रैली निकालकर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाएंगे। आंदोलन के बाद कर्मचारी पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर अंशकालीन से पूर्णकालीन किए जाने की मांग रखेंगे। संघ ने सरकार से मांग पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है।संघ पदाधिकारियों के अनुसार जब तक उनकी एक सूत्रीय मांग पर निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रखने की रणनीति बनाई गई है।