त्योहार के DJ पर पर्यावरणविद की अपील: अस्पतालों के आसपास तेज आवाज पर लगे रोक, बोले- उत्सव मनाइए लेकिन मरीजों की परेशानी की कीमत पर नहीं

त्योहार के DJ पर पर्यावरणविद की अपील: अस्पतालों के आसपास तेज आवाज पर लगे रोक, बोले- उत्सव मनाइए लेकिन मरीजों की परेशानी की कीमत पर नहीं

रायपुर, 26 सितंबर 2026। त्योहारी सीजन में तेज आवाज में बजने वाले DJ को लेकर पर्यावरणविद नितिन सिंघवी ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से अस्पतालों के आसपास ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के अस्पताल, नर्सिंग होम और क्लिनिक के आसपास तेज आवाज में DJ बजाने पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। नितिन सिंघवी ने कहा कि त्योहार कुछ दिनों का होता है, लेकिन बीमारी और पीड़ा किसी त्योहार को देखकर नहीं आती। ऐसे में उन बच्चों और मरीजों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए, जो पहले से बीमारी से जूझ रहे हैं और इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि कलेक्टर रायपुर की ओर से 24 नवंबर 2023 को जारी आदेश के तहत विभिन्न शासकीय एवं निजी अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों और न्यायालयों के आसपास 100 मीटर की परिधि को साइलेंस जोन घोषित किया गया है। उन्होंने ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, 2000 का हवाला देते हुए कहा कि अस्पताल की श्रेणी में नर्सिंग होम और क्लिनिक भी आते हैं।

400-500 मीटर तक पहुंचती है DJ की आवाज

सिंघवी का कहना है कि वर्तमान समय में DJ की आवाज काफी तेज होती है और कई बार 400 से 500 मीटर दूर तक सुनाई देती है। ऐसे में अस्पतालों के आसपास ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को प्रभावी निगरानी और नियमों के पालन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के अस्पताल या चाइल्ड नर्सिंग होम के सामने तेज आवाज में DJ बजने से वहां भर्ती बच्चों, मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से अस्पतालों के आसपास घोषित साइलेंस जोन में नियमों का सख्ती से पालन कराने की अपील की।

‘उत्सव मनाइए, मरीजों की परेशानी की कीमत पर नहीं’

नितिन सिंघवी ने स्पष्ट किया कि उनकी अपील किसी धार्मिक आयोजन के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि लोग उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन किसी बीमार बच्चे, बुजुर्ग, दिव्यांग या अन्य मरीज की परेशानी की कीमत पर नहीं। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि कम से कम अस्पतालों और वहां इलाज करा रहे मरीजों को तेज आवाज से राहत दिलाई जाए। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रशासन द्वारा घोषित साइलेंस जोन में ही तेज आवाज में DJ बजता रहेगा, तो ऐसे क्षेत्र घोषित करने का उद्देश्य क्या रह जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *