मरकाटोला घाट हादसे पर CM साय ने जताया गहरा दुख, 6 लोगों की मौत; घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश

मरकाटोला घाट हादसे पर CM साय ने जताया गहरा दुख, 6 लोगों की मौत; घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश

रायपुर/बालोद, 26 सितंबर 2026। बालोद जिले के मरकाटोला घाट में हुए भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। हादसे में छह लोगों की मौत और सात लोगों के घायल होने की जानकारी पुलिस अधिकारियों ने दी है। जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मरकाटोला घाट के पास कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहा एक छोटा वाहन खराब होने के बाद सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे गेहूं से लदे ट्रक ने पीछे से वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक भी पलट गया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

घायलों के समुचित उपचार के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हादसे में घायल लोगों को समुचित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उपचार में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है। हादसे के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें राहत एवं उपचार व्यवस्था में जुटी हुई हैं। भारी बारिश के बीच हुए इस हादसे के कारण मरकाटोला घाट क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस और संबंधित टीमें मौके पर राहत-बचाव तथा यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी रहीं। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *