
पत्नी की शिकायत पर डायल-112 घर से ले गई थी थाने; मृतक ने ग्रामीणों के सामने पुलिस पर मारपीट का लगाया था आरोप, पुलिस बोली- शराब की लत से परिवार था परेशान
जामगांव आर /रानीतराई। पाटन ब्लॉक के रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम ओदरागहन से एक युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक पोखन लाल साहू ने बुधवार को गांव में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पत्नी की शिकायत पर पुलिस द्वारा थाने ले जाने के बाद कथित रूप से उसके साथ मारपीट की गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से क्षुब्ध था। वहीं पुलिस का कहना है कि मृतक शराब पीने का आदी था और परिवार के लोग उसकी हरकतों से परेशान थे। मामले में पुलिस ने जांच की बात कही है।
पत्नी की शिकायत के बाद थाने ले गई थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक पोखन लाल साहू शराब पीने का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ विवाद एवं मारपीट करता था। इसी को लेकर उसकी पत्नी केशरी साहू रविवार रात ग्राम कोतवाल और अपने ससुर गिरधर साहू के साथ रानीतराई थाना पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत की। शिकायत के बाद डायल-112 की टीम पोखन लाल को उसके घर से थाने लेकर पहुंची। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि थाने में उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई और बाद में समझाकर छोड़ दिया गया।
मौत से पहले ग्रामीणों को बताई थी आपबीती
बताया जा रहा है कि थाने से लौटने के अगले दिन पोखन लाल ने गांव के कुछ लोगों के सामने कथित रूप से पुलिस द्वारा की गई मारपीट की बात बताई थी। ग्रामीणों के अनुसार उसने इस घटना से काफी क्षुब्ध होने और आत्महत्या कर लेने की बात भी कही थी। इसके बाद बुधवार को उसने गांव में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी ग्राम कोतवाल के माध्यम से पुलिस को मिली। पुलिस ने शव को पाटन ले जाकर पोस्टमार्टम कराया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
जीजा ने लगाया पुलिस पर ज्यादती का आरोप
मृतक के जीजा श्रीराम साहू ने पुलिस पर ज्यादती का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि थाने से लौटने के बाद पोखन ने पुलिस की कथित मारपीट की जानकारी लोगों को दी थी। अब उसकी मौत के बाद परिवार पुलिस की भूमिका की जांच की मांग कर रहा है। वहीं पुलिस के अनुसार पोखन लाल शराब पीने का आदी था, जिसके कारण परिवार के लोग परेशान थे। 6 सितंबर को उसकी पत्नी कोतवाल और अपने ससुर के साथ थाने पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि जब जवान उसे लेने उसके घर पहुंचे तो उसके हाथ में हंसिया था और वह अपनी पत्नी पर हमला करने के लिए उतारू था। पुलिस जवानों ने किसी तरह उसे थाने लाकर समझाया और बाद में छोड़ दिया।
SDOP बोले—मारपीट हुई होगी तो स्वयं करूंगा जांच
पाटन एसडीओपी प्रांशु तिवारी ने बताया कि प्राथमिक दृष्टि से मृतक के शरीर पर मारपीट के कोई स्पष्ट निशान दिखाई नहीं दे रहे थे। हालांकि वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि परिवार की ओर से पुलिस जवानों पर मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। यदि पुलिस जवानों द्वारा मारपीट किए जाने की बात सामने आती है तो वे स्वयं मामले की जांच करेंगे। फिलहाल पोखन लाल की आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, पुलिस की कथित मारपीट का इसमें कोई संबंध था या पारिवारिक विवाद और शराब की लत इसकी वजह बनी—इन सवालों का जवाब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।