दाऊ उत्तम साव की पुण्यतिथि पर चीरपोटी में गूंजा सामाजिक एकजुटता का संदेश,पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू बोले -वरिष्ठों के योगदान को याद रखना और नई पीढ़ी को संस्कार देना जरूरी

दाऊ उत्तम साव की पुण्यतिथि पर चीरपोटी में गूंजा सामाजिक एकजुटता का संदेश,पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू बोले -वरिष्ठों के योगदान को याद रखना और नई पीढ़ी को संस्कार देना जरूरी

उतई। ग्राम चीरपोटी में शनिवार को समाज रत्न पूज्य दाऊ उत्तम साव की 47वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर के साथ स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। आयोजन में बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु, ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. दाऊ उत्तम साव के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने स्व. दाऊ उत्तम साव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि समाज को संगठित करने और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने में पुराने समाजसेवियों एवं दाऊ उत्तम साव का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वर्तमान समय में समाज को पुनः उसी एकजुटता की आवश्यकता है।उन्होंने सामाजिक संस्कारों और नई पीढ़ी को समाज से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि आज कई घरों में भक्त माता कर्मा की जीवनी के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं है। माता कर्मा का चित्र साहू समाज के प्रत्येक घर में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही सामाजिक आयोजनों से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे अपनी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक दायित्वों को समझ सकें। नई पीढ़ी को संस्कार नहीं दिए गए तो आने वाले समय में सामाजिक संरचना प्रभावित हो सकती है।

प्रदेश साहू संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. निरेंद्र साहू ने दाऊ उत्तम साव के योगदान को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू समाज के गठन के समय सर्वसम्मति से दाऊ उत्तम साव को अध्यक्ष चुना गया था। उन्होंने समाज में युवाओं की कम भागीदारी पर चिंता जताते हुए कहा कि शिक्षा का स्तर बढ़ाने और युवाओं को संस्कारवान बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई-लिखाई में आगे बढ़कर समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया तथा आगामी सामाजिक आयोजनों में उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया लाभ

दाऊ उत्तम साव के पुण्य स्मरण में महिमा हॉस्पिटल उतई के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर लगाया गया। शिविर में डॉ. ललित साहू, डॉ. सिंधु साहू, करुणा, खिलेश, राधे साहू एवं रितेश साहू की टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

सामाजिक प्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशीला साहू, डॉ. दयाराम साहू, प्रदेश साहू संघ महामंत्री राजेश साहू, जिला साहू संघ दुर्ग अध्यक्ष नंदलाल साहू, दुर्ग ग्रामीण तहसील अध्यक्ष पी.आर. साहू, जिला पंचायत दुर्ग सभापति श्रद्धा साहू, जनपद पंचायत दुर्ग उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, जनपद सदस्य ढालेश साहू, ग्राम चीरपोटी सरपंच पूजा चंद्राकर, परिक्षेत्र साहू संघ खोपली अध्यक्ष घनश्याम गजपाल, सुभाष साव, नगर पंचायत उतई के पूर्व अध्यक्ष डीकेन्द्र हिरवानी, डॉ. पिलेश्वर साहू, कृष्ण कुमार साहू, जागेश्वर साहू, पोषण साहू, राधिका हिरवानी, जामवंत गजपाल, रूपेंद्र साहू, भूषण साहू सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *