सेवा संकल्प अभियान : हाईस्कुल भरर में 76 दीपों से शुरुआत, जागरूकता रैली के बाद ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा

सेवा संकल्प अभियान : हाईस्कुल भरर में 76 दीपों से शुरुआत, जागरूकता रैली के बाद ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा

जामगांव आर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ग्राम भरर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यार्थियों ने स्वच्छता, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को शाला परिसर में 76 दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस मनाने के साथ हुई। इसके अगले दिन 18 सितंबर को विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसी कड़ी में शाला परिसर में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण, गीत एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचारों और कल्पनाओं के माध्यम से भारत के भविष्य की तस्वीर प्रस्तुत की। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

कार्यक्रम प्रभारी एवं क्षेत्र के जनपद सदस्य राम कुमार चंद्राकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।.चंद्राकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता से समाज में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे विद्यालय परिसर को हमेशा स्वच्छ रखें और स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अरुण चंद्राकर, संस्था प्रमुख प्राचार्य डॉ. भारतीय राव, सरपंच कौशिल्या साहू, गोवर्धन साहू, नोकेश चंद्राकर, केशव राम साहू सहित ग्रामीणजन एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने सेवा, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *