दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र के हरिनगर स्थित एक PG में हुए विवाद के बाद 26 वर्षीय युवक चित्रेश सहारे की चाकू लगने से मौत हो गई। हैरिटेज स्कूल के पीछे हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने मामले में दो युवकों वैभव मानकर और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ कर घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
परीक्षा देने कवर्धा से आया था युवक
पुलिस के मुताबिक मृतक चित्रेश सहारे मूल रूप से कवर्धा का रहने वाला था और परीक्षा देने के लिए दुर्ग आया हुआ था। वह अपने दोस्त रवि के PG रूम में महिला मित्र और उसकी बहन के साथ पहुंचा था। इसी दौरान PG में रहने वाले वैभव मानकर और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
महिला मित्र से कथित बदसलूकी के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि शुरुआती कहासुनी के बाद मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान चित्रेश की महिला मित्र के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि विवाद किस क्रम में बढ़ा और चाकू से हमला किस परिस्थिति में हुआ।
पैर और जांघ में चाकू लगने से गंभीर हुआ चित्रेश
पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान चित्रेश पर चाकू से हमला किया गया। उसके पैर और जांघ में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद PG में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दो युवक हिरासत में, पूछताछ जारी
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने वैभव मानकर, निवासी लखोली, राजनांदगांव और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया है। दोनों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस PG में मौजूद अन्य लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है।
पुलिस अब घटना की शुरुआत, चाकू किसने चलाया और वारदात में दोनों हिरासत में लिए गए युवकों की भूमिका क्या थी, इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पूछताछ से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।