
पाटन। नवभारत अखबार में प्रकाशित एक खबर को मोबाइल के सोशल मीडिया स्टेटस पर लगाने के बाद एक युवक को कथित तौर पर फोन कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ग्राम रूही निवासी परमेश्वर सिंगौर ने मामले की शिकायत पाटन थाना पुलिस से की। एसपी दुर्ग से शिकायत किए जाने के बाद पाटन पुलिस ने अनिल चंद्राकर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को नवभारत अखबार में “उत्कर्ष व विकास ने पेपर लीक कर वसूले 3 करोड़” शीर्षक से एक खबर प्रकाशित हुई थी। परमेश्वर सिंगौर ने उक्त खबर को अपने मोबाइल स्टेटस पर लगाया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि खबर में उल्लेखित किसी भी व्यक्ति से उसका व्यक्तिगत परिचय या विवाद नहीं है तथा संबंधित ईडी मामले से भी उसका कोई संबंध नहीं है।
परमेश्वर सिंगौर के मुताबिक, 4 सितंबर को दोपहर करीब 1:40 बजे उन्हें एक अन्य मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम अनिल चंद्राकर बताते हुए स्टेटस लगाने को लेकर कथित रूप से गाली-गलौज की और मारपीट करने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि फोन पर उसे मारते-मारते थाने ले जाने की बात कही गई।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि उसी दिन रात करीब 3:10 बजे गांव के हितेंद्र पटेल ने फोन कर परमेश्वर को बताया कि अनिल चंद्राकर गांव आया है और उसे बुला रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस दौरान उसे कथित रूप से जान से खत्म करने की धमकी भी दी गई। घटना से भयभीत होकर परमेश्वर ने गांव छोड़ दिया और अपनी जान-माल को खतरा बताया।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से कथित फोन कॉल, गाली-गलौज और धमकी के मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा उपलब्ध दस्तावेज के अनुसार मामले में धारा 351(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।
नोट: खबर में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के कथन पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।