
पाटन। शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर मां आदि शक्ति गरबा ग्रुप के तत्वावधान में देवांगन भवन पाटन में एक दिवसीय गरबा महोत्सव का आयोजन उत्साह और भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद गरबा नृत्य के माध्यम से महिलाओं ने नवरात्रि पर्व की खुशियां मनाईं। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता कर धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव का आनंद लिया। मां आदि शक्ति गरबा ग्रुप द्वारा इस महोत्सव का आयोजन लगातार दूसरे वर्ष किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि शारदीय नवरात्रि के अवसर पर प्रतिवर्ष गरबा महोत्सव आयोजित करने का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना और महिलाओं को सामूहिक रूप से उत्सव मनाने का अवसर प्रदान करना है। समिति ने भविष्य में भी प्रतिवर्ष गरबा महोत्सव आयोजित करने की बात कही।
भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा ने की आयोजन की सराहना
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आयोजन समिति को गरबा महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए गरबा नृत्य की सराहना की और सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने की। उन्होंने नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए गरबा महोत्सव में सहभागी सभी महिलाओं को बधाई दी। उन्होंने महिलाओं को भविष्य में भी अधिक से अधिक संख्या में गरबा नृत्य में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया तथा आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग देने की बात कही।
जनप्रतिनिधियों और महिलाओं की रही सहभागिता
गरबा महोत्सव में भाजपा मंडल अध्यक्ष रानी बंछोर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष निशा सोनी, सभापति केवल देवांगन, सभापति नेहा वर्मा, जनपद सदस्य रवि सिन्हा, एल्डरमैन दामोदर चक्रधारी, राजेश्वरी वर्मा, बठेना सरपंच उनिका वर्मा, केशव बंछोर, विनीता देवांगन, किरण बंछोर, सोनम ठाकुर और प्रीति देवांगन सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।