
पाटन। तहसील मछुआ सोसायटी विकास परिषद पाटन का 18वां स्थापना दिवस समारोह बुधवार को धीवर धर्मशाला, पाटन में सामाजिक एकता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मछुआ समाज के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाजजनों ने सहभागिता करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह के मुख्य अतिथि आर. एल. पेंडरिया, महासचिव धीवर समाज महासभा, रायपुर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केजू राम निषाद, जिला मछुआ समिति विकास परिषद, दुर्ग ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में नेतराम निषाद, सदस्य मछुआ कल्याण बोर्ड, छत्तीसगढ़ शासन, रायपुर, देवकुमार निषाद, अध्यक्ष तहसील निषाद समाज, पाटन, अशोक कुमार निषाद, राष्ट्रीय मछुआरा संघ एवं विधानसभा अध्यक्ष, पाटन, श्यामलाल सर्वे, पूर्व अध्यक्ष अमलीडीह परगना धीवर समाज, पाटन तथा टेमन लाल सपहा, पाटन परगना धीवर समाज अध्यक्ष उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का सम्मान किया गया तथा विभिन्न जिलों से मनोनीत पदाधिकारियों का मंच पर स्वागत किया गया। समारोह में वरिष्ठ पदाधिकारियों का सम्मान एवं उद्घाटन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आर एल पेंडरिया ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए एकता, संगठन और आपसी सहयोग जरूरी है। मछुआ समाज की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए सभी को संगठित होकर आगे बढ़ना होगा। छ्ग मछुवा कल्याण बोर्ड के सदस्य नेतराम निषाद ने अपने उद्बोधन मे समाज के युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा शासन की योजनाओं का लाभ समाज के पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया, तहसील मछुआ सोसायटी विकास परिषद पाटन तथा समस्त मछुआ सोसायटी पाटन की अध्यक्ष रामकुमारी धीवर ने अतिथियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह मे बड़ी संख्या मे समाजजन उपस्थित रहे।