
पाटन। पंचायत सदस्य स्वाभिमान संकल्प यात्रा के तहत उपसरपंच संघ पाटन ब्लॉक की महत्वपूर्ण बैठक आगामी 22 सितंबर 2026, मंगलवार को दोपहर 1 बजे जनपद पंचायत पाटन के सभागार कक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक में उपसरपंच संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार शुकतेल विशेष रूप से शामिल होंगे। दुर्ग जिला अध्यक्ष जयप्रकाश साहू तथा पाटन ब्लॉक अध्यक्ष अंकित वर्मा ने ब्लॉक के सभी उपसरपंचों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य के प्रत्येक जिले में उपसरपंच संघ के गठन के बाद अब ब्लॉक स्तर पर भी संगठन को मजबूत और व्यवस्थित किया जा रहा है। इसी क्रम में पाटन ब्लॉक की बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें उपसरपंच एवं पंचों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।
उपसरपंच संघ के राजेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि उपसरपंच संघ की प्रमुख मांगों में उपसरपंचों के अधिकार एवं पंचों का सम्मान, उपसरपंच एवं पंचों को सम्मानजनक मानदेय, पंचायत के विकास कार्यों में उपसरपंच की प्रभावी सहभागिता, उपसरपंच एवं पंचों के लिए सुरक्षा निधि तथा पंचायत स्तर पर अधिकारों की स्पष्टता जैसे विषय शामिल हैं। इन मांगों को संगठित रूप से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की दिशा में भी बैठक में चर्चा की जाएगी। जिला अध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने कहा कि बैठक संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और उपसरपंचों की समस्याओं को सामूहिक रूप से सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने पाटन ब्लॉक के सभी उपसरपंचों से 22 सितंबर को दोपहर 1 बजे जनपद पंचायत पाटन के सभागार में अनिवार्य रूप से पहुंचने का आह्वान किया है।