पाटन में SDM का फिर तबादला, अब नीर निधि नंदेहा को मिली जिम्मेदारी,लगातार बदलाव से उठे सवाल—कब होगी स्थायी SDM की पदस्थापना?

पाटन में SDM का फिर तबादला, अब नीर निधि नंदेहा को मिली जिम्मेदारी,लगातार बदलाव से उठे सवाल—कब होगी स्थायी SDM की पदस्थापना?

मुकेश सेन /पाटन। पाटन अनुविभाग में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला एक बार फिर सामने आया है। पाटन SDM की जिम्मेदारी अब जिले में नवपदस्थ डिप्टी कलेक्टर नीर निधि नंदेहा को सौंपी गई है। इसके साथ ही पिछले कुछ महीनों में पाटन SDM के प्रभार में लगातार बदलाव चर्चा का विषय बना हुआ है। खास बात यह है कि करीब दो सप्ताह पहले ही प्रफुल्ल गुप्ता को पाटन SDM का प्रभार सौंपा गया था। अब एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए नीर निधि नंदेहा को पाटन अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की जिम्मेदारी दी गई है।

इससे पहले उत्तम ध्रुव पाटन SDM के रूप में पदस्थ थे। हाल ही में बारिश और बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के दौरान उन्होंने क्षेत्र में रहकर प्रशासनिक व्यवस्था और राहत कार्यों की निगरानी की थी। बाद में उनका स्थानांतरण महेंद्रगढ़ किया गया। उत्तम ध्रुव से पहले लवकेश ध्रुव पाटन SDM की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, जिन्हें पाटन से स्थानांतरित कर धमधा भेजा गया था। लगातार हो रहे तबादलों के कारण करीब चार महीने के भीतर पाटन SDM पद पर कई बार जिम्मेदारियों में बदलाव हो चुका है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि पाटन जैसे महत्वपूर्ण अनुविभाग में स्थायी SDM की पदस्थापना कब होगी?

तहसीलदार पद पर भी लगातार बदलाव

SDM के साथ पाटन तहसीलदार पद पर भी हाल के दिनों में प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है। पवन ठाकुर के स्थानांतरण के बाद ममता टावरी को पाटन तहसीलदार की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उनके पदभार ग्रहण करने से पहले ही उनका स्थानांतरण नारायणपुर कर दिया गया। इसके बाद मनोज गुप्ता को पाटन तहसीलदार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।इस तरह SDM और तहसीलदार जैसे दोनों प्रमुख राजस्व पदों पर लगातार बदलाव के चलते प्रशासनिक स्थिरता को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। राजस्व संबंधी मामलों, आम लोगों की शिकायतों और क्षेत्रीय प्रशासन से जुड़े कार्यों के लिए अधिकारियों की स्थायी पदस्थापना महत्वपूर्ण मानी जाती है। अब नई जिम्मेदारी नीर निधि नंदेहा के सामने है। उनके पदभार संभालने के बाद पाटन की राजस्व एवं प्रशासनिक व्यवस्था किस तरह आगे बढ़ती है, इस पर क्षेत्र की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *