दुर्ग-बेमेतरा जिले के 220 विद्यार्थियों और 40 शिक्षक-आचार्यों ने लिया हिस्सा,राष्ट्रभक्ति गीत, निबंध, रंगोली और चित्रकला सहित विविध प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा
पाटन । विद्या भारती एवं सरस्वती ग्राम शिक्षा समिति छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर पाहंदा में जिला स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव एवं विज्ञान-गणित मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने मां सरस्वती एवं भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन कर किया। आयोजन में दुर्ग एवं बेमेतरा जिले के विभिन्न विद्यालयों से लगभग 220 भैया-बहनों तथा 40 शिक्षक-आचार्य एवं दीदी ने सहभागिता की। इस दौरान राष्ट्रभक्ति गीत, निबंध लेखन, रंगोली, चित्रकला सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रस्तुतियां दीं।
सांसद विजय बघेल ने छावनी विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को टिफिन बॉक्स एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “पहंदा को मैं अपना खुद का गांव समझता हूं। मेरे लोकसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में बच्चों ने यहां आकर बहुत सुंदर प्रस्तुतियां दी हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को हर दृष्टि से प्रगतिशील और मजबूत बनाने का कार्य करते हैं। मां सरस्वती सभी को ज्ञानवान बनाएं।” सांसद बघेल ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक भवन निर्माण के लिए आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने इसके निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही। कार्यक्रम में जिला प्रमुख शत्रुघ्न देवांगन, चेला राम साहू, राजेन्द्र साहू, राजकुमार बघेल, टीकाराम साहू, नरोत्तम साहू, संकुल प्रमुख सुनीता साहू, शैलेन्द्र निषाद, तनु ताम्रकार, पार्वती वर्मा सहित शिक्षक-आचार्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में राजेन्द्र साहू ने आभार व्यक्त किया।